जबलपुर में सरकारी अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल, जिले के सबसे बड़े लेडी एल्गिन अस्पताल में दो युवकों द्वारा जमकर हंगामा किया गया। वहीं जिला अस्पताल में एक महिला खुलेआम शराब का सेवन करती नजर आई।
जिला अस्पताल में महिला की मनमानी
पहला मामला जिला अस्पताल परिसर का है। यहां एक महिला अस्पताल के जनरल वार्ड तक पहुंची और दरवाजे के पास बैठकर शराब पीने लगी। वार्ड में भर्ती मरीज के परिजनों ने महिला को समझाने और बाहर जाने को कहा लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। अस्पताल के कर्मचारी भी महिला को ये हरकत करते ताकते रहे।
लेडी एल्गिन अस्पताल में युवकों का हंगामा
दूसरा मामला शहर के प्रसिद्ध अस्पताल का है। जानकारी का मुताबिक रात करीब 3 बजे दो युवक नशे की हालत में अस्पताल परिसर में पहुंचे और गाली गलौज करते हुए एक दूसरे के साथ मारपीट पर उतारू हो गए। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
ये दोनों युवक करीब 10 मिनट तक एक दूसरे से लड़ते रहे। कभी ये जमीन पर गिरते पड़ते एक दूसरे के बाल खींचते नजर आए तो कभी इधर उधर टकराते नजर आए। अस्पताल में मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने की भी कोशिश की। इस दौरान एक युवक के हाथ में चाकू होने की बात भी कही जा रही है।
पुलिस से भी उलझे युवक
अस्पताल में मौजूद इस हंगामा की सूचना डायल 112 को दी गई। जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाने लगे तो यह पुलिसकर्मियों से भी बहसबाजी और गाली गलौज करते दिखाई दिए। इस तरह से युवकों के हंगामे के कारण अस्पताल परिसर में मौजूद और आने जाने वाले लोग परेशान होते नजर आए। इन दोनों मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था पर ये सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिरकार कैसे ये युवक अस्पताल परिसर में दाखिल हो गए और इन्हें मुख्य गेट पर क्यों नहीं रोका गया।






