नर्मदा नदी में बहे पिता-बेटे का वीडियो आया सामने, पिता का शव मिला, 10 वर्षीय लकी के लिए SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

जबलपुर के चरगवां थाना क्षेत्र स्थित भड़पुरा घाट पर नर्मदा नदी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। दरअसल जलगांव से परिवार के साथ आए किसान गणेश पाटिल का शव मिल चुका है, जबकि उनके 10 वर्षीय बेटे लकी पाटिल की तलाश एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की संयुक्त टीम कर रही है।
नर्मदा नदी में बहे पिता-बेटे का वीडियो आया सामने, पिता का शव मिला, 10 वर्षीय लकी के लिए SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

जबलपुर के भड़पुरा घाट पर बेटे को बचाने के लिए नदी में कूदे पिता की जान चली गई, जबकि 10 वर्षीय लकी पाटिल अब भी लापता है। वहीं तीन दिन पहले हुए इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों तेज बहाव में बहते दिखाई दे रहे हैं। शनिवार को भी एसडीआरएफ और चरगवां पुलिस ने नर्मदा नदी में सर्च ऑपरेशन जारी रखा।

दरअसल महाराष्ट्र के जलगांव जिले से गणेश पाटिल अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ सुनील आश्रम दर्शन के लिए आए थे। बुधवार शाम आश्रम से लगे भड़पुरा घाट पर कुछ बच्चे नर्मदा में नहा रहे थे। इसी दौरान 10 वर्षीय लकी पाटिल का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। बेटे को डूबता देख पिता गणेश पाटिल ने बिना देर किए उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा दोनों को अपने साथ बहाकर ले गई। कुछ ही पलों में पिता-पुत्र नदी में लापता हो गए और घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

तेज बहाव बना रेस्क्यू की सबसे बड़ी चुनौती

वहीं हादसे की सूचना मिलते ही चरगवां थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में स्थानीय गोताखोरों की मदद से आसपास तलाश की गई, लेकिन बरगी बांध के गेट खुले होने से नदी का बहाव काफी तेज था। इसी वजह से रेस्क्यू अभियान में लगातार मुश्किलें आती रहीं। अगले दिन जबलपुर से एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और आधुनिक उपकरणों के साथ खोज अभियान शुरू किया गया। शुक्रवार को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर गणेश पाटिल का शव पानी में मिला। पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज भेजकर पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। परिवार अंतिम संस्कार के लिए महाराष्ट्र रवाना हो गया, लेकिन लकी पाटिल की तलाश अभी भी जारी है। रेस्क्यू टीम नदी के किनारों, गहरे हिस्सों और संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार खोज कर रही है। पुलिस का कहना है कि हर संभावित स्थान पर सर्चिंग की जा रही है ताकि बच्चे का जल्द पता लगाया जा सके।

वीडियो आया सामने

दरअसल हादसे के तीन दिन बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गणेश और लकी नदी की तेज धारा में बहते हुए दिखाई दे रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने के लिए रस्सी फेंकी थी, लेकिन बहाव इतना तेज था कि उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी। वीडियो ने पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को और स्पष्ट कर दिया है। वहीं टीआई सरोजनी चौकसे ने बताया कि नर्मदा में लगातार बढ़ते बहाव को देखते हुए नरसिंहपुर जिले की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। आशंका है कि धारा बच्चे को आगे तक बहाकर ले गई हो सकती है, इसलिए दूसरे जिलों में भी निगरानी बढ़ाई गई है। शनिवार को एक बार फिर एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews