
Jhabua BEO arrested accepting bribe
लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने झाबुआ जिले के विकासखंड शिक्षा अधिकारी को उनके कार्यालय के क्लर्क के साथ 10000/- रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, आरोपी शासकीय सेवक एक छात्रावास अधीक्षक से उसके निलंबन अवधि के वेतन का बिल जारी करने एक बदले रिश्वत ले रहे थे।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक इंदौर कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक शासकीय बालक छात्रावास सेमलिया बड़ी झाबुआ के अधीक्षक धूम सिंह सिंगाड़ ने एक शिकायती आवेदन दिया था जिसमें विकास खंड शिक्षा अधिकारी झाबुआ और वहां पदस्थ क्लर्क पर सिश्वत मांगने के आरोप लगाये गए थे।
वेतन बिल जारी करने BEO ने क्लर्क के जरिये मांगी रिश्वत
छात्रावास अधीक्षक ने आवेदन में बताया कि उनके निलंबन अवधि का 8 महीने का वेतन 2,30,000/- बकाया है जिसे जारी करने के लिए झाबुआ बीईओ कार्यालय द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा है वहां पदस्थ सहायक ग्रेड 3 पवन सिंह बिलवाल 10,000 रुपये रिश्वत मांग रहा है उसका कहना है कि BEO साहब पैसा लेकर ही बिल पर हस्ताक्षर करेंगे।
लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के निर्देश पर आवेदन में लगाये गए आरोपों का सत्यापन कराया गया जिसमें रिश्वत मांगने का आरोप सही निकला, जिसके बाद ट्रैप प्लान की गई, और आज निर्धारित समय पर लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम झाबुआ बीईओ कार्यालय पहुंच गई।
10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
लोकायुक्त टीम ने छात्रावास अधीक्षक धूम सिंह को रिश्वत की राशि लेकर बीईओ कार्यालय में भेजा जहाँ बीईओ जय नारायण बैरागी ने रिश्वत की राशि 10000/- रुपये कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड 3 पवन सिंह बिलवाल को देने के लिए कहा, जैसे ही उसने पैसे क्लर्क को दिए लोकायुक्त पुलिस ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त ने आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है।

