सरकारी नौकरी 2025: रेलवे ने निकाली 400 से अधिक पदों पर भर्ती, 8 सितंबर तक भरें फॉर्म 

रेलवे ने पैरामेडिकल पदों पर भर्ती निकाली है। एप्लीकेशन पोर्टल अगस्त में खुलेगा। शॉर्ट नोटिस जारी कर दिया गया है। युवाओं के लिए यह अच्छा अवसर साबित हो सकता है। आइए जानें कौन और कैसे फॉर्म भर सकते हैं?
railway recruitment 2025

रेलवे भर्ती बोर्ड ने पैरामेडिकल स्टाफ पदों पर भर्ती (Railway Recruitment 2025) के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया 9 अगस्त 2025 से शुरू होने वाली है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आरआरबी के क्षेत्रीय आधिकारिक वेबसाइट (जैसे कि www.rrbcdg.gov.in) पर जाकर 8 सितंबर 2025 तक ऑनलाइन फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं। इससे पहले नोटिफिकेशन पढ़ने की सलाह दी जाती है। ताकि शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, वैकेंसी, सेलेक्शन प्रोसेस, फीस इत्यादि की जानकारी अच्छे से मिल सके।

रिक्त पदों की संख्या कुल 434 है। जिसमें से नर्सिंग सुपरीटेंडेंट के लिए 272, फार्मासिस्ट (एंट्री ग्रेड) के लिए 105, रेडियोग्राफर (एक्स-रे टेक्नीशियन) के लिए चार, लैब असिस्टेंट ग्रेड 2 के लिए 12, डायलिसिस टेक्निशियन के लिए चार, हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर ग्रेड 2 के लिए 33 और ईसीजी टेक्नीशियन के लिए 4 पद खाली हैं।

फॉर्म भरने के लिए जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस कैंडिडेट्स को 250 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं एससी, एसटी, ईबीसी, एक्स-सर्विसमैन, महिला अल्पसंख्यक और थर्ड जेंडर उम्मीदवारों के लिए एप्लीकेशन फीस 250 रुपये है।

कौन भर सकता है फॉर्म?

एजुकेशन:- शैक्षणिक योग्यता पद पर निर्भर करेगी। नर्सिंग सुपरीटेंडेंट के लिए जीएनएम या बीएससी नर्सिंग की योग्यता वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। फार्मासिस्ट एंट्री ग्रेड के लिए फार्मेसी में डिग्री या डिप्लोमा वाले कैंडिडेट्स फॉर्म भर सकते हैं। रेडियोग्राफर  के लिए संबंधित क्षेत्र में डिप्लोमा होना जरूरी है। हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर ग्रेड 2 के लिए केमिस्ट्री में बीएससी, लैब असिस्टेंट ग्रेड 2 के लिए डीएमएलटी और ईसीजी टेक्नीशियन के लिए संबंधित क्षेत्र में डिग्री और डिप्लोमा की जरूरत पड़ेगी।

आयु सीमा:- विभिन्न पदों के लिए आयु सीमा अलग-अलग निर्धारित की गई है। न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष और अधिकतम 43 वर्ष है। सरकारी नियमों के तहत आरक्षित कैटेगरी वाले उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट भी मिलेगी।

सेलेक्शन प्रोसेस और वेतन

उम्मीदवारों का चयन नेशनल लेवल कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल एग्जामिनेशन के आधार पर होगा। पैरामेडिकल परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे  प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। इसके लिए 90 मिनट का समय दिया जाएगा। 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी होगा। प्रोफेशनल एबिलिटी, जनरल अवेयरनेस, जनरल अर्थमैटिक, जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग और जनरल साइंस से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। वेतन भी पद पर निर्भर करेगा। न्यूनतम सैलरी 25,500 रुपये और अधिकतम 44,900  रुपये प्रतिमाह होगा।

ये रहा नोटिफिकेशन

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews