भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का हमला, बोले- कांग्रेस नभ, जल और थल तीनों लोकों में भ्रष्टाचार करती है

MP Election 2023, BJP President JP Nadda

MP Election 2023 : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज एमपी के खरगोन के बडवाह में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मतलब है लूट, धोखा, छलावा, भ्रष्टाचार।  नड्डा ने कांग्रेस की सरकार के घोटाले गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस तो नभ, जल और थल तीनों लोकों में भ्रष्टाचार करती है, इससे सावधान रहना है और उसे घर बैठाना है। नड्डा ने मप्र की 15 महीने की कमलनाथ सरकार के घोटाले भी गिनाये।

नड्डा बोले- जब हम पूर्णिमा को याद रखते हैं तो अमावस्या को याद रखना चाहिए 

जेपी नड्डा आज मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं , सुबह वे खरगोन पहुंचे और पार्टी प्रत्याशी सचिन बिरला के समर्थन में खरगोन के बडवाह में एक आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा जब हम पूर्णिमा जो याद करते हैं तो हमें अमावस्या भी याद रखनी चाहिए, जब हम रौशनी को याद करते हैं तो हमें अँधेरे को भी याद करना चाहिए।

भाजपा अध्यक्ष ने याद दिलाया बीमारू राज्य का टैग 

नड्डा ने मध्य प्रदेश की दिग्विजय सरकार को याद करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि कैसे इस राज्य को कांग्रेस ने बीमारू बना दिया था, पुरानी पीढ़ी यहाँ बैठी है उसे सब याद होगा, लेकिन भाजपा की सरकार ने, शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने आज मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य के टैग से मुक्त कर विकसित अग्रणी राज्य बना दिया है ।

“कांग्रेस की सरकार आई वहां भ्रष्टाचार, अनाचार, अत्याचार, व्यभिचार हुए”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जहाँ जहाँ जब जब कांग्रेस की सरकार आई वहां भ्रष्टाचार, अनाचार, अत्याचार, व्यभिचार हुए ये सब बातें कांग्रेस के साथ जुडी है। जहाँ कांग्रेस होगी वहां भ्रष्टाचार होगी और जहाँ भाजपा होगी वहां विकास होगा, महिला सशक्तिकरण होगा, युवाओं, किसानों का विकास होगा उन्हें ताकत दी जाएगी।

नड्डा ने याद दिलाये UPA सरकार के समय हुए करोड़ों के घोटाले 

जेपी नड्डा ने कहा बड़ा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस का मतलब लूट, धोखा, छलावा, विकास को रोकना और वंशवाद परिवारवाद को बढ़ावा देना है जबकि भाजपा का मतलब लोगों को उनके अधिकार दिलाना, विकास करना है। नड्डा ने यूपीए सरकार के समय हुए घोटालों की लम्बी लिस्ट गिनाई, उन्होंने पनडुब्बी घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर खरीद घोटाला, कोयले का घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला, मनरेगा घोटाले की बात करते हुए कहा कि कांग्रेस नभ, जल और थल तीनों लोकों में भ्रष्टाचार करती है।

कमलनाथ की 15 महीने की सरकार पर भी भाजपा अध्यक्ष ने निशाना साधा 

कमलनाथ के नेतृत्व वाली 15 महीने की मध्य प्रदेश सरकार के घोटाले गिनाते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने कहा था 10 दिन में किसानों का कर्जा माफ़ कर देंगे क्या हुआ? करीब 12 लाख किसान डिफ़ॉल्टर हो गए, ये धोखा नहीं तो क्या है? एरिगेशन कॉम्प्लेक्स , वेयर हॉउस निर्माण, छात्र वृत्ति घोटाले गिनाते हुए कहा कि ये सिर्फ 15 महीने की सरकार में हुए घोटाले है आप सोच लीजिये आपसे क्या गलती हुई , इसलिए अब ऐसा नहीं होना चाहिए ।

शिवराज सरकार की लाडली लक्ष्मी, लाडली बहना योजना को लेकर ये बोले नड्डा 

नड्डा ने केंद्र सरकार की योजनायें गिनाते हुए कहा कि आज देश मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया की पांचवी अर्थ व्यवस्था बन गया है 2024 में फिर हमारी सरकार आई तो 2029 में भारत तीसरी अर्थ व्यवस्था बन जायेगा। उन्होंने कहा कि आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है , लाखो गरीबों के आवास बने हैं, कमलनाथ ने तो घर बनाने पर रोक लगा दी थी अब आप इन्हें रोक देना और कमल खिला देना , नड्डा ने शिवराज सरकार की लाडली लक्ष्मी, लाडली बहना योजना की तारीफ करते हुए कहा ये महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा उदाहरण है।

[dgv_vimeo_video id=”881989214″]

[dgv_vimeo_video id=”881989418″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews