
परिवार के साथ बैठकर एक ही थाली से स्वादिष्ट भोजन करना, दोस्तों संग होटल या ढाबे पर मिल-बैठकर हंसी-ठिठोली करते हुए खाना खाना या फिर किसी खास मौके पर दावत का हिस्सा बनना… खाने का मजे को दोगुना कर देता है। भारतीय संस्कृति में तो साथ बैठकर भोजन करने की परंपरा सदियों पुरानी है। यह न सिर्फ रिश्तों में मिठास घोलता है, बल्कि एक-दूसरे के रिश्ते को भी मजबूत करता है। इन सबके बीच हमारे रोजमर्रा के छोटे-छोटे फैसले अक्सर सेहत पर बड़ा असर डालते हैं, लेकिन अक्सर हम साथ में पेट भरकर खाने के बाद कुछ ऐसी आदतें अपना लेते हैं, जो हमें नुकसान पहुंचाती हैं।
जी हां, इससे खाने का स्वाद तो मिल जाता है लेकिन सेहत पर बुरा असर पड़ जाता है। आइए जानते हैं कि वे आदतें कौन-सी हैं, जिन्हें खाना खाने के तुरंत बाद बिल्कुल नहीं करना चाहिए।
फल खाने की गलती
अधिकांश लोग यह मानते हैं कि फल तो हेल्दी हैं, इन्हें कभी भी खा सकते हैं। लेकिन असल में यह है कि खाना खाने के तुरंत बाद फल खाने से पाचन प्रक्रिया बिगड़ जाती है। भोजन के साथ ही जब फलों में मौजूद शुगर और कार्बोहाइड्रेट पेट में जाते हैं, तो वे आसानी से नहीं पच पाते। इससे गैस, ब्लोटिंग और एसिडिटी की समस्या घर कर जाती है। खासकर रात के खाने के बाद तुरंत फल खाना और भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है।
चाय या कॉफी न पीएं
भारत में शायद ही कोई ऐसा घर हो, जहां खाने के बाद चाय पीने की आदत न हो। कुछ लोग तो इसे पाचन के लिए अच्छा मानते हैं। लेकिन सच्चाई इसके बिल्कुल अलग है। चाय और कॉफी में मौजूद कैफीन और टैनिन भोजन से मिलने वाले पोषक तत्वों खासकर आयरन के अवशोषण में बाधा डालते हैं। इसका असर धीरे-धीरे शरीर पर दिखाई देता है। इससे कमजोरी, थकान या खून की कमी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
खाने के तुरंत बाद वर्कआउट
आजकल फिटनेस ट्रेंड बहुत बढ़ गया है। लोग जरा भी समय मिलने पर एक्सरसाइज करना शुरू कर देते हैं। अगर आपने अभी-अभी खाना खाया है और तुरंत जिम भाग गए या दौड़ने निकल पड़े, तो यह आपके पेट के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। दरअसल, वर्कआउट के दौरान शरीर ऊर्जा को मांसपेशियों तक पहुंचाने लगता है, जिससे पाचन प्रक्रिया प्रभावित हो जाती है। इसका नतीजा पेट में दर्द, उल्टी, गैस और एसिडिटी की दिक्कत हो सकती है।
नहाने की आदत
कई लोग सुबह नाश्ता करने के बाद या फिर रात का खाना खाने के तुरंत बाद बाथरूम में चले जाते हैं। उन्हें लगता है कि इससे शरीर रिलैक्स होगा, लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उल्टा है। जब हम नहाते हैं तो शरीर का तापमान थोड़ा बदल जाता है और ब्लड सर्कुलेशन पाचन तंत्र से हटकर त्वचा की ओर चला जाता है। ऐसे में खाना ठीक से पच नहीं पाता। इससे पेट में भारीपन, अपच और गैस जैसी समस्या खड़ी हो सकती है।
(Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। MP Breaking News किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है। किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें।)
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

