
जबलपुर में दीपावली से पहले सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट नजर आ रही है। शहर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना ना हो इसके लिए प्रशासन द्वारा पहले से ही सारी तैयारी कर ली गई है। बाजार में होने वाली भीड़ को देखते हुए जहां ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। वहीं सुरक्षा के लिहाज से फायर ब्रिगेड की तैनाती भी की गई है।
पुलिस द्वारा पटाखा बजारों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जिला अस्पताल से लेकर मेडिकल कॉलेज सहित निजी अस्पताल में इमरजेंसी उपचार और बर्न वॉर्ड की व्यवस्था की गई है। लगभग 12 फायर ब्रिगेड गाड़ियों को अलग-अलग स्थान पर तैनात किया जाएगा।
ये रहेगी ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था
त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए लड़गंज, कोतवाली और बड़ा फुहारा जैसे बाजारों में चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यहां केवल पैदल आवाजाही की जा सकेगी। इसके अलावा मालवीय चौक से बड़ा फुहारा, तुलाराम चौक, कोतवाली, अंधेरदेव तक वन वे रखा गया है।
शहरवासी अपने वाहन खड़े कर सकें इसके लिए गोल बाजार, रांची, गोरखपुर और आधारताल के बाजारों के 500 मीटर के दायरे में अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
बाजार में पुलिस की निगरानी
शहर के जितने भी प्रमुख बाजार हैं। वहां पर प्रशासन यातायात से लेकर पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने वाला है। संवेदनशील चौराहा पर पुलिसकर्मी तो तैनात रहेंगे, इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा से निगरानी की जाएगी। सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात किया जाएगा। प्रशासन पूरी तरह से यह सुनिश्चित करना चाहता है कि अगर कोई घटना सामने आती है तो एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड तत्काल मौके पर आसानी से पहुंच जाए। दुकानों पर भी रेत पानी और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

