
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर गुप्तेश्वर इलाके में सोमवार की रात मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि बदमाशों ने एक पूरे परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
दरअसल इस खतरनाक हमले में परिवार के मुखिया पिता उनकी बेटी और दोनों बेटे बुरी तरह से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घर के बाहर खड़े होकर दे रहे थे गालियां
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब कुछ दबंग किस्म के युवक सड़क पर खड़े होकर ऊंची आवाज में एक-दूसरे को गालियां दे रहे थे। जब काफी देर तक उनका यह बड़बोलापन और गाली-गलौज बंद नहीं हुई, तो पास ही रहने वाले बनारसी लाल गुप्ता अपने घर से बाहर निकलकर आए। उन्होंने बड़े प्यार से उन युवकों को समझाया और वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन युवकों को उनकी यह बात इतनी नागवार गुजरी कि वे उन पर भड़क उठे।
बीच-बचाव करने आए बेटी और बेटों पर भी बदमाशों ने चलाए ताबड़तोड़ चाकू
बुजुर्ग पिता को अकेला देखकर जब वे मारपीट करने लगे, तो परिवार के दूसरे लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। पिता के साथ हो रही मारपीट को देखकर उनकी बेटी काजल और दोनों बेटे मोहित व मनीष तुरंत मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन तीनों हमलावरों ने बीच-बचाव करने आए भाई-बहन पर भी बेरहमी से चाकुओं से वार करना शुरू कर दिया, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई।
सीने पर चाकू लगने से युवती की हालत नाजुक
इस खूनी हमले में बदमाशों ने किसी को नहीं छोड़ा और परिवार के चारों सदस्यों को लहूलुहान कर दिया। बीच-बचाव करने आई युवती काजल के सीने पर तेजधार चाकू से जोरदार वार किया गया, जिससे वह वहीं गिर पड़ी। इसके अलावा पिता बनारसी लाल के पेट में, मोहित के पैर में और मनीष के हाथ में भी चाकुओं के गहरे घाव आए हैं।
वारदात के बाद आरोपी मौके से हुए फरार
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर मौके का फायदा उठाकर तुरंत अंधेरे में फरार हो गए। वारदात के तुरंत बाद आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और सभी घायलों को खून से लथपथ हालत में देर रात मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों का कहना है कि काजल के सीने में अंदर तक चोट लगने की वजह से उसकी हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया प्राणघातक हमले का केस
इस भयानक वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। गोरखपुर थाना पुलिस ने कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक के खिलाफ जानलेवा हमले का केस बना लिया है। एएसपी पल्लवी शुक्ला ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

