
मुरैना: मध्यप्रदेश में रिश्वतखोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सरकारी काम कराने के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई जारी है। ताजा मामला मुरैना जिले से सामने आया है, जहां ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने एक पटवारी को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा है।
ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा से मिली जानकारी के अनुसार, किसान मुरारीलाल कुशवाह ने अपनी खेती की जमीन के सीमांकन के लिये तहसील कार्यालय में ऑनलाइन रसीद और आवेदन जमा किया था। आरोप है कि पटवारी प्रदीप शर्मा ने सीमांकन रिपोर्ट एवं पूरी प्रक्रिया के बदले किसान से 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। किसान रिश्वत की रकम नहीं देना चाहता था इसलिये किसान ने पटवारी को पकड़वाने का फैसला लिया।
किसान ने लोकायुक्त पुलिस में शिकायत
किसान ने ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस को पूरे मामले के बारे में विस्तार से बताया और एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त पुलिस ने किसान की शिकायत को गंभीरता से लेते हुये तत्काल ही एक टीम गठित कर आरोपी पटवारी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई और 3 नवंबर को किसान के साथ लोकायुक्त की टीम तहसील कार्यालय पहुंच गई।
पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जैसे ही किसान ने पटवारी को पहली किस्त के तौर पर 7 हजार रुपये की राशि दी, ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने आरोपी पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
