क्या आपके AC से भी टपकता है पानी: एयर कंडीशनर बन गया है नल..जानिए कारण, टपकते एसी को ऐसे करें ठीक

बाहर भी बारिश..अंदर भी बारिश। बाहर उमस..अंदर एसी की टपटप। आखिर मौसम बदलते ही एसी का मिज़ाज क्यों बदल जाता है। अगर आपका भी एयर कंडीशनर वॉटरफॉल बनने के मूड में नज़र आ रहा हो तो इसे इग्नोर न करें।
AC Leaking Water

फोटो साभार: गूगल

क्या आपके यहां भी मौसम बदलते ही एसी नल में तब्दील हो जाता है। ज़रा सी उमस या बारिश हुई नहीं और एयर कंडीशनर ‘टिप-टिप बरसा पानी’ वाला गाना गाने लगता है। गर्मी हो या मानसून की उमस..जैसे ही मौसम करवट लेता है आपके एयर कंडीशनर से पानी टपकने की समस्या शुरू हो जाती है। लेकिन ऐसा क्यों होता है?  इस समस्या से कैसे निपटें..आज हम इसी बारे में जानेंगे।

एयर कंडीशनर एक जादुई बॉक्स की तरह है जो गर्मी में हमें ठंडक की राहत देता है। ये हवा से गर्मी और नमी को खींचकर कमरे को ठंडा और सूखा बनाता है। ठंडी हवा जहां चैन की साँस देती है वहीं पसीने वाली उमस से भी छुटकारा मिलता है। लेकिन बारिश आते ही जब उमस बढ़ जाती है तो कई बार एसी से भी पानी गिरने लगता है। इसे आप कुछ आसान स्टेप्स से ठीक कर सकते हैं।

मौसम के साथ एयर कंडीशनर का बदलता मूड

बारिश की पहली फुहार पड़ते ही जहां बाहर ठंडक बढ़ती है, वहीं घर के अंदर एसी से अचानक टप-टप पानी गिरने लगता है। उमस भरे मौसम में तो मानो एसी को भी पसीना आने लगता है। अगर आपके एसी ने भी ऐसे ही मौसम में टपकना शुरू कर दिया है तो जानिए इसके पीछे की वजह और इसका आसान इलाज।

क्यों टपकता है एसी से पानी

यह समस्या खासकर मानसून या उमस भरे मौसम में ज्यादा देखने को मिलती है। जब बाहर बारिश होती है या हवा में नमी (humidity) का स्तर बढ़ जाता है तब एसी को कमरे की हवा से ज्यादा नमी खींचनी पड़ती है। यह नमी ठंडी कॉइल्स पर जाकर पानी बन जाती है। यह पानी ड्रेन पाइप से बाहर निकलना चाहिए, पर कई बार ऐसा नहीं होता। अगर यह पानी सही तरीके से बाहर नहीं निकल पाता है तो एसी से टप-टप शुरू हो जाता है।

समस्या का कारण

  • ड्रेन पाइप: धूल, गंदगी या फफूंदी ड्रेन पाइप को जाम कर देती है और पानी को बाहर जाने का रास्ता नहीं मिलता है।
  • ड्रेन पैन का बुरा हाल: अगर ड्रेन पैन में दरार है या वह पानी से लबालब भर गया तो पानी बाहर लीक होने लगता है।
  • रेफ्रिजरेंट की कमी: अगर AC में रेफ्रिजरेंट कम है तो कॉइल्स पर बर्फ जम सकती है, जो पिघलकर टपकने लगती है।
  • गलत फिटिंग: अगर एसी सही ढंग से इंस्टॉल नहीं हुआ या ड्रेन पाइप का ढलान गलत है, तो पानी इधर-उधर बहने लगता है।
  • उमस के कारण: मानसून में हवा में नमी ज्यादा होती है, जिससे एसी को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और पानी जमा होने की रफ्तार बढ़ जाती है।
  • गंदा फिल्टर: अगर एसी का फिल्टर धूल से भरा है तो हवा का फ्लो रुकता है, कॉइल्स ज्यादा ठंडी होती हैं और बर्फ जमकर बाद में टपकने लगती है।

इस समस्या से कैसे निपटें

बारिश और उमस के मौसम में अगर आपके एयर कंडीशनर से पानी टपकने लगे तो घबराने की ज़रूरत नहीं है। एसी की थोड़ी देखभाल और समझदारी से आप इस झंझट से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं। जानते हैं इसके लिए कुछ आसान लेकिन असरदार टिप्स:

  • ड्रेन पाइप साफ करें: एक ब्रश या पानी की तेज धार से ड्रेन पाइप को साफ करें। थोड़ा सिरका डालकर फफूंदी को अलविदा कहें।
  • फिल्टर को रखें चकाचक: हर 1-2 महीने में एसी का फिल्टर साफ करें। यह आपके एयर कंडीशनर का ‘मास्क’ है..इसलिए इसे साफ रखें।
  • ड्रेन पैन को चेक करें: ड्रेन पैन में गंदगी या दरार तो नहीं..इसे चेक करें और साफ करें।
  • रेफ्रिजरेंट का ध्यान: अगर आपको लगता है कि रेफ्रिजरेंट कम है तो अपने टेक्नीशियन को बुलाएं।
  • मानसून से पहले सर्विसिंग: बारिश शुरू होने से पहले एसी की पूरी सर्विसिंग करवाएं।
  • सही इंस्टॉलेशन: अगर बार-बार लीकेज हो रहा है, तो चेक करें कि एसी सही ढंग से लगा है या नहीं। ड्रेन पाइप का ढलान सही होना जरूरी है।
  • उमस को करें कंट्रोल: अगर कमरे में नमी ज्यादा है तो एसी के डीह्यूमिडिफायर मोड का इस्तेमाल करें या खिड़कियां खोलकर हवा आने दें।
  • प्रोफेशनल की मदद लें: अगर फिर भी समस्या न जाए तो प्रोफेशनल टेक्नीशियन को बुलाएं। हर छह महीने में एसी की सर्विसिंग कराएं।
Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews