
सर्दियां शुरू होते ही बागवानी प्रेमियों के चेहरे पर एक अलग चमक आ जाती है। ठंडी सुबहें, हल्की धूप और हवा में घुली ताजगी ऐसे मौसम में हर कोई चाहता है कि उसका गार्डन रंगीन और खूबसूरत दिखे। लेकिन समस्या तब आती है जब कई पौधे ठंड और ओस की वजह से मुरझाने लगते हैं।
ऐसे में अपराजिता का पौधा (Aparajita Plant) एक शानदार विकल्प है, जो न सिर्फ ठंड में भी खिला रहता है बल्कि आपके गार्डन को नीले और सफेद रंग के फूलों से भर देता है। तितली के आकार वाले ये फूल बेहद मनमोहक लगते हैं और अगर थोड़ी सी देखभाल की जाए तो यह पौधा पूरे सीजन चमकता रहेगा।
पानी देने में न करें गलती
सर्दियों में सबसे बड़ी गलती जो ज्यादातर लोग करते हैं, वह है जरूरत से ज्यादा पानी देना। इस मौसम में मिट्टी में नमी पहले से मौजूद होती है, इसलिए बार-बार पानी डालने से पौधे की जड़ें गल सकती हैं। पानी देने से पहले मिट्टी को चेक करें अपनी उंगली मिट्टी में डालें, अगर मिट्टी गीली लगे तो उस दिन पानी न दें। अगर मिट्टी सूखी हो, तभी हल्का पानी डालें। अपराजिता की जड़ों को बहुत ज्यादा गीलापन पसंद नहीं, इसलिए ध्यान रखें कि पानी गमले के नीचे जमा न हो। सर्दियों में 3 से 4 दिन में एक बार हल्का पानी देना पर्याप्त होता है।
कितनी धूप जरूरी है अपराजिता के लिए?
अक्सर लोगों को लगता है कि सर्दियों में ज्यादा धूप देने से पौधा अच्छा बढ़ेगा, लेकिन ऐसा नहीं है। अपराजिता को मध्यम धूप की जरूरत होती है। अगर आप इसे दिनभर तेज धूप में रख देंगे, तो इसकी पत्तियां पीली पड़ने लगेंगी। सर्दियों में 4 से 5 घंटे की धूप पर्याप्त है। दोपहर की तेज धूप से पौधे को बचाएं और उसे ऐसी जगह रखें, जहां हल्की धूप या छांव हो। अगर दिनभर बादल छाए रहें, तो पौधे को कुछ देर धूप में रखकर फिर अंदर ले आएं। इससे फूलों का रंग भी गहरा और आकर्षक बना रहेगा।
गमले का आकार और मिट्टी की गुणवत्ता पर भी दें ध्यान
अपराजिता एक बेलनुमा पौधा है, जिसकी जड़ें और शाखाएं फैलने के लिए जगह चाहती हैं। इसलिए इसे हमेशा बड़े गमले (12-15 इंच) में लगाएं। छोटे गमले में पौधा दम घुटने जैसी स्थिति में पहुंच सकता है, जिससे इसकी ग्रोथ रुक जाती है। मिट्टी ढीली, भुरभुरी और जल निकासी वाली होनी चाहिए। आप मिट्टी में थोड़ा रेत, गोबर की खाद और नारियल के रेशे (कोकोपीट) मिला सकते हैं। इससे पौधे की जड़ों को ऑक्सीजन मिलती है और वह तेजी से बढ़ता है। गमले में नीचे की ओर छोटे छेद जरूर हों ताकि अतिरिक्त पानी निकल सके।
सर्दियों में खाद कब और कितनी डालें?
सर्दियों में पौधों की ग्रोथ धीमी हो जाती है क्योंकि उन्हें पर्याप्त धूप नहीं मिल पाती। ऐसे में ज्यादा खाद डालना नुकसानदायक हो सकता है। हर 15–20 दिन में थोड़ा जैविक खाद डालना पर्याप्त है। यह पौधे की मिट्टी को पोषण देता है और फूलों की संख्या बढ़ाने में मदद करता है। ध्यान रखें, सर्दियों में केमिकल फर्टिलाइज़र का प्रयोग न करें क्योंकि यह मिट्टी को सख्त बना सकता है। अगर पौधे की पत्तियां हल्की पीली दिखें, तो एक बार नीम की खली या तरल जैविक घोल का छिड़काव कर सकते हैं। इससे पौधा फिर से हरा-भरा हो जाएगा।
सूखे पत्ते और मुरझाए फूल हटाना न भूलें
अगर आप चाहते हैं कि अपराजिता का पौधा सर्दियों में लगातार खिला रहे, तो सूखे पत्ते और पुराने फूल नियमित रूप से काटते रहें। हर 7–8 दिन में पौधे की हल्की छंटाई करें। इससे नई कलियों को बढ़ने की जगह मिलती है और पौधे की शाखाएं स्वस्थ बनी रहती हैं। छंटाई करते समय ध्यान रखें कि मुख्य तनों को न काटें, सिर्फ ऊपर की सूखी या मरी हुई टहनियों को हटाएं। अगर पौधा बेलनुमा है, तो इसे किसी ट्रेलेस या सहारे पर चढ़ने दें ताकि इसकी शाखाएं खुलकर फैल सकें।
पाले और ठंडी हवा से ऐसे बचाएं अपराजिता को
सर्दियों की सुबहों में पाला (Frost) पौधों के लिए सबसे बड़ी समस्या होता है। अपराजिता के कोमल फूल और पत्तियां ठंडी हवा और ओस की बूंदों से जल्दी प्रभावित हो सकती हैं। रात में जब तापमान बहुत नीचे चला जाए, तो पौधे को घर के अंदर या किसी शेड के नीचे रखें। अगर पौधा बड़ा है और बाहर रखना जरूरी है, तो उस पर पुराने अखबार या पतले कपड़े की ढकावट कर दें ताकि ठंडी हवा सीधे संपर्क में न आए। सुबह सूरज निकलने पर यह ढकाव हटा दें, ताकि पौधे को प्राकृतिक गर्माहट मिले।
अपराजिता पौधे के फायदे भी कम नहीं
सिर्फ सजावटी ही नहीं, अपराजिता का पौधा आयुर्वेद में भी खास स्थान रखता है। इसके फूल और पत्ते औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। अपराजिता चाय आजकल काफी लोकप्रिय है, जो इम्यूनिटी बढ़ाने और तनाव कम करने में मदद करती है। इसलिए अगर आप इसे अपने गार्डन में लगाते हैं, तो यह सिर्फ खूबसूरती ही नहीं बल्कि सेहत का खज़ाना भी लाता है।

