
अगर आप इस बार विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं और सोच रहे हैं कि कहां जाएं, तो बहरीन आपके लिए परफेक्ट डेस्टीनेशन हो सकता है। बता दें कि दुबई जितना ग्लैमर और सुविधा वाला तो नहीं लेकिन इससे कहीं ज्यादा सस्ता है। छोटे-से इस देश में बड़ी-बड़ी इमारतें, ऐतिहासिक किले और चमकदार कांच के टावर एक साथ मौजूद हैं। सुबह आप किसी पारंपरिक बाजार में मोतियों का मोलभाव कर सकते हैं। दोपहर में सीधे बीच पर जाकर सूरज की धूप और अरब की खाड़ी के पानी में रिलैक्स कर सकते हैं। शाम के समय सनसेट का नजारा इतना खूबसूरत होता है कि आप उसे अपने कैमरे में कैद किए बिना नहीं रह पाएंगे।
बहरीन अपने छोटे आकार के बावजूद कपल्स, फैमिली और दोस्तों के लिए पहली पसंद बना हुआ है। वहां घूमने के लिए कोई लंबी-लंबी प्लानिंग की जरूरत नहीं है। यहां हर जगह आसानी से पहुंचा जा सकता है।
बहरीन (Bahrain)
भारतीयों के लिए बहरीन का वीजा पाना बेहद आसान है। आप सिर्फ 1,168 रुपए में वीजा प्राप्त कर सकते हैं और इसे आप ऑनलाइन या हवाई अड्डे पर वीजा ऑन अराइवल के जरिए भी कर सकते हैं। अब बात करते हैं कि किस तरह का वीजा लेना होगा। अगर आप छुट्टियां बिताने जा रहे हैं या किसी दोस्त/परिवार से मिलने जा रहे हैं, तो आपको टूरिस्ट वीजा चाहिए। अगर बहरीन सिर्फ ट्रांजिट के लिए जा रहे हैं, तो ट्रांजिट वीजा ले सकते हैं, जो आमतौर पर एयरलाइंस या होटल के जरिए होता है। अगर काम या बिजनेस के लिए जा रहे हैं, तो वर्क वीजा जरूरी है।
ऐसे मिलेगा वीजा
बहरीन का ई-वीजा लेने के लिए आपको यात्रा से पहले ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसमें दस्तावेज अपलोड करने होंगे, फीस का भुगतान करना होगा और तय समय पर वीजा मिल जाएगा। आप वीजा ऑन अराइवल के लिए हवाई अड्डे पर ही आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बस आपके पास सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स होना जरूरी है। वीजा शुल्क की बात करें, तो दो सप्ताह के लिए सिंगल एंट्री ऑनलाइन शुल्क बीडी 10.000 यानी 2,336 रुपए है। अगर आप 3 महीने के लिए डबल एंट्री चाहते हैं तो 3,972 रुपए देने होंगे। साल भर के लिए कई एंट्री वाले वीजा पर 10,515 रुपए खर्च होंगे। वहीं, आगमन वीजा पर दो सप्ताह की सिंगल एंट्री सिर्फ 1,168 रुपए और 3 महीने की कई एंट्री 2,804 रुपए में मिल जाएगी।
इनका रखें ध्यान
- पासपोर्ट कम से कम छह महीने वैध होना चाहिए।
- पर्यटक वीजा रोजगार की अनुमति नहीं देता।
- वापसी या आगे की यात्रा की पुष्टि वाला टिकट, कम से कम 1,000 अमेरिकी डॉलर बैंक स्टेटमेंट के साथ होना चाहिए।
- इसके अलावा, वैध पासपोर्ट की कॉपी, बहरीन में होटल बुकिंग या परिवार/दोस्त का पता और पिछले 3 महीनों का बैंक स्टेटमेंट भी जरूरी है।
यहां घूमें
बहरीन में अल फतेह ग्रैंड मस्जिद, बहरीन किला, अल अरीन वन्यजीव पार्क, बहरीन राष्ट्रीय संग्रहालय और मनामा का पारंपरिक बाब अल-बहरीन सूक जरूर जाएं। इसके अलावा, बच्चों और परिवार के साथ दिलमुन वाटर पार्क, बहरीन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, बहरीन इंटरनेशनल सर्किट और बीच पर भी समय बिता सकते हैं। भारतीयों के लिए वीजा आसान है और बजट में भी फिट बैठता है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

