Promise Day : इन वादों से मज़बूत करें अपने रिश्ते की नींव, खुद से करें हर प्रॉमिस निभाने का वादा

याद रखिए, आपका एक वादा किसी के लिए दुनिया की सबसे बड़ी उम्मीद बन सकता है। वो अपने सपनों को आपके शब्दों के भरोसे संजो सकता है, अपने फैसलों को आपके वादों पर तय कर सकता है। इसलिए वादा करने से पहले ये सुनिश्चित करें कि आप उसे निभाने के लिए संकल्पित हैं। क्योंकि एक अधूरा वादा सिर्फ भरोसे को ही नहीं, भावनाओं को भी ठेस पहुंचा सकता है। इस प्रॉमिस डे पर ऐसे वादे कीजिए जो प्रेम के साथ सम्मान और विश्वास से भी भरे हों। ऐसे संकल्प लें जो आपके रिश्ते को सच्चे अर्थों में मजबूत करें और आने वाले जीवन को इंद्रधनुषी रंगों से सजा दें।
Promise Day in Valentine’s Week

Promise Day : वैलेंटाइन वीक में आज प्रॉमिस डे है। 11 फरवरी ‘वादे’ के नाम है। वो वादा जो आप अपने साथी से करते हैं। प्यार और वफादारी का वादा, साथ रहने का वादा, साथ निभाने का वादा, एक दूसरे की खुशियों का खयाल रखने का वादा और वो हर वादा जिसे पूरा करने की आपकी ख्वाहिश है। और खुद से ये वादा करना कि आपने अपने पार्टनर से जो वादे किए हैं उन्हें पूरा करेंगे।

प्रॉमिस सिर्फ किसी से कुछ लफ़्ज़ कह देना भर नहीं है..बल्कि ये विश्वास, प्रतिबद्धता और निष्ठा का प्रतीक भी है। अगर आपने अपने प्यार से कोई वादा किया है तो उसे निभाने की पूरी जिम्मेदारी भी लेनी होगी। क्योंकि ये वो पुल है जो दो लोगों को भरोसे की मज़बूत डोर से बांधता है। एक सच्चा वादा सिर्फ कहा नहीं जाता, हर स्थिति में निभाया भी जाता है।

Promise Day : वादों का दिन

माहे फरवरी का ये वो हफ्ता है, प्यार करने वाले जिसका सालभर इंतज़ार करते हैं। और आज है प्रॉमिस डे..वो दिन जो रिश्तों में विश्वास, ईमानदारी और स्थिरता का प्रतीक है। क्योंकि आज आप अपने साथी से जो वादा करेंगे..वो आने वाले कल की नींव बनेगा। इसलिए आज के दिन आप अपने मन की हर बात..हर चाह एक प्रॉमिस के रूप में अपने प्रिय से कह सकते हैं। उन्हें बता सकते है कि आप उनके लिए किस मज़बूती से खड़े रह सकते हैं और हर स्थिति में साथ दे सकते हैं।

‘जो वादा किया वो निभाना पड़ेगा’

लेकिन याद रखिए..प्रॉमिस सिर्फ मुँहज़बानी न हो, सिर्फ रस्म निभाने के लिए न हो। बल्कि आप जो कहें..उसे पूरा करने के लिए दृढ़संकल्पित भी हों। क्योंकि आपके एक वादे पर कोई अपने जीवन की पूरी तस्वीर उकेर सकता है। इसलिए आज अपने साथी से कोई भी वादा करने से पहले अपने आप से ये वादा कीजिए कि जो कहेंगे, उसे पूरा करेंगे।

प्रॉमिस डे का यही को मुख्य उद्देश्य है कि रिश्तों में एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण की भावना को मजबूत किया जाए। किसी भी रिश्ते की नींव विश्वास पर टिकी होती है, और प्रॉमिस यानी वादा करना इसी विश्वास को पुख्ता करता है। ये दिन प्रेमी-प्रेमिकाओं, पति-पत्नी, दोस्तों या किसी भी रिश्ते में जुड़े लोगों को याद दिलाता है कि वे एक-दूसरे से किए गए वादों को निभाने के लिए प्रतिबद्ध रहें। इसलिए आज प्रॉमिस डे पर आप अपने और अपनों से कुछ वादें कीजिए..वो वादें जो आप दोनों मिलकर पूरे करें और प्यार-विश्वास के साथ एक दूसरे का हाथ थामे रहें।

प्रॉमिस डे पर अपने साथी से करें ये खास वादे

1. प्यार और वफादारी का वादा
2. हमेशा साथ निभाने का वादा
3. ईमानदारी और पारदर्शिता का वादा
4. एक-दूसरे की खुशियों का ख्याल रखने का वादा
5. सम्मान और दूसरे की स्वतंत्रता को बनाए रखने वादा
6. छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा न करने का वादा, गलती होने पर माफी मांगने का वादा
7. अपने साथी को पूरा वक्त देने का वादा
8. हमेशा भरोसा बनाए रखने का वादा
9. साथ मिलकर भविष्य संवारने का वादा
10. खुद को बेहतर बनाने का वादा

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews