
इन दिनों हेयर फॉल की समस्या बहुत आम बात हो चुकी है। बारिश का मौसम हो या गर्मी, सर्दी का मौसम हो, बालों का झड़ना तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। इसके बहुत सारे कारण होते हैं। कई बार हवा में मौजूद नमी की वजह से भी बाल कमजोर होने लगते हैं और टूटना शुरू हो जाते हैं। तो वहीं कई बार गलत प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से भी बालों का झड़ना शुरू हो जाता है। इस चीज से बचने के लिए आमतौर पर मार्केट में मिलने वाले महंगे ब्रांडेड प्रोडक्ट का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन इसका कुछ खास असर देखने को नहीं मिलता। कई बार यह थोड़ा बहुत असरदार होता भी है, लेकिन एक लिमिटेड टाइम पीरियड तक। उसके बाद वापस फिर से बालों का झड़ना शुरू हो जाता है।
इससे बचने के लिए ज्यादातर लोग रातभर बालों में तेल लगाकर रात में सो जाते हैं। फिर सुबह उठने के बाद उसे धोते हैं। अक्सर लोगों का ऐसा मानना है कि ऐसा करने से बाल मजबूत होते हैं।
दादी-नानी का नुस्खा
हममें से ज्यादातर लोग बचपन से यह सुनते आए हैं कि अगर बालों को मजबूत और चमकदार बनाना है, तो रातभर उनमें तेल लगाकर सोना चाहिए। दादी-नानी का यही नुस्खा पीढ़ियों से चलता आया है। लेकिन आज के समय में जब लाइफस्टाइल, खानपान और पर्यावरण बदल चुका है। ऐसे में यह नुस्खा अभी भी उतना ही असरदार है, ये अपने आप में एक बड़ा सवल है। आज के आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि रातभर बालों में तेल लगे रहने के फायदे और नुकसान दोनों क्या हो सकते हैं।
फायदा
- इसका सबसे बड़ा फायदा डीप कंडीशनिंग है। जब तेल लंबे समय तक स्कैल्प और बालों की जड़ों में रहता है, तो यह सतह से आगे बढ़कर रोमछिद्रों तक पहुंचता है। इससे बालों को विटामिन और फैटी एसिड्स मिलते हैं, जो उन्हें अंदर से मजबूत बनाते हैं। यही वजह है कि जिन लोगों के बाल रूखे और बेजान होते हैं, उनके लिए रातभर तेल लगाना किसी टॉनिक से कम नहीं।
- एक और फायदा ब्लड सर्कुलेशन का बेहतर होना है। हल्की मालिश के साथ तेल लगाने से खून का संचार तेज होता है और इससे हेयर ग्रोथ पर भी अच्छा असर पड़ता है। नारियल तेल जैसे कुछ तेलों में एंटी-फंगल गुण होते हैं, जो डैंड्रफ और स्कैल्प इन्फेक्शन को दूर रखने में मददगार साबित होते हैं।
नुकसान
- रातभर तेल लगाने का स्कैल्प पर बिल्डअप होना एक बड़ा नुकसान है। बार-बार ऐसा करने से तेल और धूल की परत स्कैल्प को ढक लेती है, जिससे पोर्स ब्लॉक हो सकते हैं। यही वजह है कि कई बार लोग ज्यादा तेल लगाने के बावजूद बाल झड़ने की समस्या से जूझते रहते हैं।
- इसके अलावा, चिपचिपापन और गंदगी भी बड़ी समस्या है। ऑयली स्कैल्प में धूल जल्दी चिपकती है और फिर उन्हें साफ करने के लिए ज्यादा शैम्पू का इस्तेमाल करना पड़ता है। इससे बालों की नेचुरल नमी छिन सकती है।
- एक और नुकसान यह है कि तेल तकिए पर लगकर चेहरे तक पहुंच सकता है। इससे सेंसिटिव स्किन वाले लोगों को मुहांसे और ब्लैकहेड्स हो सकते हैं। वहीं, कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि ज्यादा तेल से बाल भारी होकर टूट सकते हैं।
सही तरीका
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि तेल लगाना जरूरी है, लेकिन इसे रातभर लगे रहने देना हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं है। सबसे अच्छा तरीका है कि हफ्ते में एक-दो बार रातभर तेल लगाएं और सुबह शैम्पू कर लें। अगर आपका स्कैल्प बहुत ऑयली है, तो सिर्फ 1-2 घंटे पहले तेल लगाकर फिर बाल धोना बेहतर है।
तेल लगाते समय ज्यादा ताकत से नहीं, बल्कि हल्के हाथों से मालिश करें। इससे बाल टूटेंगे नहीं और तेल भी सही तरह से स्कैल्प में समा जाएगा।
(Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। MP Breaking News किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है। किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें।)
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

