सीएम योगी ने केंद्रीय बजट को बताया दूरदर्शी, विकासोन्मुखी और समावेशी, कहा ‘नेशन फर्स्ट और कर्तव्यबोध की भावना से बनाया गया’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट नए, विकसित भारत के निर्माण का स्पष्ट रोडमैप पेश करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को इसका आधार बताया और कहा कि पिछले 11 वर्षों में इन्हीं नीतियों के कारण 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
UP CM Yogi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट को एक दूरदर्शी, विकासोन्मुखी और समावेशी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि ये बजट नए, विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक स्पष्ट रोडमैप पेश करता है और 145 करोड़ देशवासियों की उम्मीदों और आकांक्षाओं से जुड़ा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने इस बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद अदा किया है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि यह बजट ‘कर्तव्य भवन’ में तैयार होकर पेश किया गया पहला बजट है और इसमें तीन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कर्तव्य तेज़ आर्थिक विकास, नागरिकों की क्षमता विस्तार और हर परिवार को समान अवसर को केंद्र में रखा गया गया है।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री की नीतियों की सराहना की

सीएम योगी ने कहा कि हमने पीएम मोदी के नेतृत्व में जो यात्रा तय की है उसकी बदौलत जो नीतियां हुईं, योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं होंगी बल्कि जमीनी धरातल पर उनकी इम्पैक्ट होगा..आज उसी का परिणाम है कि ग्यारह वर्ष में पच्चीस करोड़ की आबादी गरीबी रेखा से बाहर आई है। उन्होंने कहा कि अब भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। जब नीति स्पष्ट होती है, नीयत साफ होती है तो उसके परिणाम इसी तरह सामने आते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट में पूंजीगत व्यय, बुनियादी ढांचा विकास, रोजगार सृजन, एमएसएमई को प्रोत्साहन तथा महिला और सामान्य नागरिकों के कल्याण पर जोर दिया गया है।

‘नेशन फर्स्ट की भावना के साथ बना बजट’ 

योगी आदित्यनाथ ने कहा प्रधानमंत्री का यही आग्रह रहा है कि हमें नेशन फर्स्ट के भाव के साथ काम करना चाहिए। उसमें हम अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों की भी बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये पहला बजट है जो कर्तव्य भवन से बनकर सामने आया है। हर भारतीय को अपने कर्तव्य का अहसास कराने का आग्रह भी ये बजट कर रहा है जिसमें राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और भविष्य की जिम्मेदारी दिखाई देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट युवाओं को अवसर, किसानों को सुरक्षा, उद्यमियों को प्रोत्साहन, मध्यम वर्ग को राहत और श्रमिकों को सम्मान प्रदान करेगा। साथ ही यह सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और सुशासन के माध्यम से भविष्य की भारत की दिशा तय करेगा। उन्होने यह भी कहा कि बजट में आम नागरिकों और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता दी गई है, जिससे उनकी दैनिक ज़िंदगी में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने उम्मीद व्यक्त की है कि बजट ‘नया भारत विकसित भारत’ के लक्ष्यों को साकार करेगा और राष्ट्र को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाएगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews