Hindi News

दिल्ली में CM मोहन यादव की केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात, उज्जैन को मिलेगा आकाशवाणी केंद्र, रायसेन में बनेगी कोच फैक्ट्री

Written by:Saurabh Singh
Last Updated:
दिल्ली में CM मोहन यादव की केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात, उज्जैन को मिलेगा आकाशवाणी केंद्र, रायसेन में बनेगी कोच फैक्ट्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर राज्य के कई विकास कार्यों को आगे बढ़ाया। उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरूगन से मुलाकात में उज्जैन में आकाशवाणी केंद्र शुरू करने की मांग रखी, जिसे सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2028 में प्रस्तावित सिंहस्थ महाकुंभ के लिए यह केंद्र बेहद जरूरी है। इससे उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सकेगा।

रायसेन में बनेगी आधुनिक रेल कोच फैक्ट्री

मुख्यमंत्री ने अपने दौरे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की और उन्हें रायसेन जिले में बनने जा रही बीईएमएल लिमिटेड की रेल कोच फैक्ट्री की आधारशिला रखने के लिए आमंत्रित किया। इस परियोजना में करीब 1800 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इसके लिए लगभग 60 हेक्टेयर भूमि आवंटित की जा चुकी है। फैक्ट्री शुरू होने पर करीब 1500 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

किसानों को सौर ऊर्जा से जोड़ेगी सरकार

डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय अक्षय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से भी मुलाकात कर किसानों को सोलर पैनल से जोड़ने पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि 32 लाख किसानों को सोलर पैनल की सुविधा दी जाए, जिससे वे अपनी बिजली खुद पैदा कर सकें। इससे राज्य सरकार पर लगभग 18,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी का बोझ कम होगा और किसानों को बिजली के बिल से राहत मिलेगी।

राज्य के विकास को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को प्रदेश के विकास के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। जिन योजनाओं पर सहमति बनी है, उनके लागू होने से प्रदेश में न केवल रोजगार बढ़ेगा, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी यह एक बड़ा कदम साबित होगा।

Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews