MP की बड़ी उपलब्धि, ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप की मेजबानी मिली, सीएम शिवराज ने दी बधाई

MP की बड़ी उपलब्धि, ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप की मेजबानी मिली, सीएम शिवराज ने दी बधाई

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। मध्य प्रदेश ने खेलों के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। MP को पहली बार आईएसएसएफ वर्ल्ड कप शूटिंग (ISSF World Cup Shooting) (रायफल/पिस्टल) चैम्पियनशिप की मेजबानी करने का मौका मिला है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया (Sports Minister Yashodhara Raje Scindia)  ने बताया कि अगले वर्ष 20 से 31 मार्च के मध्य अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शूटर्स भोपाल के बिसनखेड़ी स्थित ‘राज्य शूटिंग अकादमी ऑफ एक्सीलेंस’ (MP State Shooting Academy of Excellence) में अपना हुनर दिखाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस उपब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है।

खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश ने खेलों के क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। शूटिंग अकादमी की स्थापना से लेकर अब तक हमनें इस विधा में न सिर्फ वर्ल्ड क्लास अधो-संरचना का विकास किया है बल्कि प्रदर्शन की दृष्टि से भी हम अव्वल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शूटिंग अकादमी में पहले भी कईं राष्ट्रीय प्रतियोगिताएँ और प्रशिक्षण कैम्प आयोजित किये गये हैं। यह पहली बार है कि हम वर्ल्ड कप शूटिंग चैम्पियनशिप जैसा प्रतिष्ठित आयोजन करेंगे।

खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्नता और गर्व है कि ‘नेशनल रायफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ (NRAI) ने हम पर पूर्ण विश्वास कर यह मौका दिया है। खेल मंत्री ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के प्रति मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के लगाव से सभी वाकिफ हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश खेलों में भी अग्रणी बन गया है। शूटिंग वर्ल्ड कप का आयोजन कर मध्य प्रदेश एक नया गौरवशाली इतिहास रचेगा।

मंत्री श्रीमती सिंधिया ने बताया कि मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी ऑफ एक्सीलेंस सभी स्तर से अंतर्राष्ट्रीय मानकों को पूरा करती है। अकादमी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और यहाँ पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेन्ज निर्मित है। उन्होंने कहा कि शूटिंग विधा में नित नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है और मध्य प्रदेश अकादमी में उच्च कोटी के अधो-संरचना निर्माण के साथ खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। यही कारण है कि अकादमी में देश के प्रतिष्ठित शूटर्स लगातार भोपाल शूटिंग रेन्ज में प्रशिक्षण के लिये आते हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan) ने मध्य प्रदेश की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और खेल एवं युवा कल्याण विभाग को बहुत बहुत बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा – हम सभी मध्यप्रदेशवासियों के लिए आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड कप (राइफल और पिस्टल) की मेजबानी हर्ष, आनंद एवं गर्व का विषय है। मुझे विश्वास है कि खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया जी आपके नेतृत्व में इसका सफल आयोजन कर मध्यप्रदेश एक नया गौरवशाली इतिहास रचेगा। सभी प्रदेशवासियों को बधाई।  

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews