Uttarakhand Bus Accident : उत्तरकाशी हादसे को लेकर राष्ट्रपति, पीएम, सीएम सहित गृहमंत्री ने जताया शोक, 22 शव हुए बरामद

Uttarakhand Bus Accident : उत्तरकाशी हादसे को लेकर राष्ट्रपति, पीएम, सीएम सहित गृहमंत्री ने जताया शोक, 22 शव हुए बरामद

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। Uttarakhand Bus Accident : उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में डामटा के पास बस खाई में गिर गयी है। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से 28 तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस रविवार (5 जून 2022) को उत्तरकाशी जिले के डामटा के पास खाई में गिर गई। दुर्घटना में 22 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई जबकि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है।

उत्तराखंड स्थानीय प्रशासन के अनुसार, 22 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई है और 6 लोग घायल हो गए हैं। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच रही है। पीएम मोदी ने उत्तरकाशी बस दुर्घटना में जान गँवाने वालों के परिवारों के लिए 2-2 लाख रुपए और घायलों के लिए 50,000 रुपए के मुआवजे की घोषणा की है।

बस में सवार 28 यात्रियों की सूची…

पीएम मोदी ने ट्वीट किया है कि उत्तराखंड में तीर्थ यात्रा पर जा रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से पन्ना जिले के कई तीर्थयात्रियों की मौत का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति दें। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएँ।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया है- ‘उत्तराखंड में चारधाम की तीर्थयात्रा पर यमुनोत्री धाम जा रही बस के खाई में गिरने से मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के तीर्थयात्रियों की मृत्यु बेहद दुखद, पीड़ाजनक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ।।ॐ शांति।।

सीएम शिवराज सिंह ने एक और ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा – मैं और मेरी टीम उत्तराखंड सरकार एवं स्थानीय जिला प्रशासन के सतत संपर्क में है। घायलों के इलाज और मृतकों के शव को मध्यप्रदेश लाने की व्यवस्था की जा रही है। दुःख की इस घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला ना समझे, हम सब शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews