Emergency Landing: मध्य प्रदेश के भिंड में सोमवार सुबह एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर अपाचे की अचानक ही इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। इसे नयागांव थाना के जखमौली गांव के नजदीक सिंध नदी के पास बीहड़ में उतारा गया। जानकारी के मुताबिक तकनीकी खराबी के चलते ऐसा किया गया है, हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सुरक्षित है।
अपाचे की Emergency Landing
लैंडिंग के दौरान विमान को किसी भी तरह की क्षति नहीं हुई है और ना ही कोई मानवीय क्षति सामने आई है। हेलीकॉप्टर को अचानक ही उतरता देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। एयर फोर्स मुख्यालय पर इस बात की खबर भेजे जाने के बाद ग्वालियर से एयर फोर्स अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं और ग्रामीणों को वहां से हटा दिया है।
[dgv_vimeo_video id=”831112707″]
लड़ाकू हेलीकॉप्टर है अपाचे
बता दें कि अपाचे की गिनती दुनिया के सबसे घातक लड़ाकू हेलीकॉप्टर में होती है। इसमें अत्याधुनिक सूचना प्रणाली और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे फीचर मौजूद है, जो इसे और भी शानदार बना देते हैं। यह हेलीकॉप्टर पहाड़ियों और घाटियों में घात लगाकर बैठे दुश्मनों को भी तलाश कर सटीक निशाना साध सकता है। ये कई तरह की बंदूक, मिसाइल और बड़े बम से लैस किया जा सकता है।
कंपनी बोइंग ने इनका निर्माण किया है और साल 2019 में आठ हेलीकॉप्टर भारत के लिए लाए गए थे। अमेरिकी सरकार और बोइंग से भारत ने 22 हेलीकॉप्टर का समझौता किया था। सबसे पहले आठ हेलीकॉप्टर आए थे और बाकी का जत्था बाद में आया था।
भिंड से सचिन शर्मा की रिपोर्ट।
