खंडवा: मदरसे से 15 लाख के नकली नोट बरामद, मस्जिद का इमाम महाराष्ट्र पुलिस की गिरफ्त में

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक चौकानें वाला मामला सामने आया है। दरअसल एक मदरसे से नकली नोट मिले हैं और इस पूरे मामले की कड़ी महाराष्ट्र से लेकर मध्य प्रदेश तक जुड़ी हुई हैं।
खंडवा: मदरसे से 15 लाख के नकली नोट बरामद, मस्जिद का इमाम महाराष्ट्र पुलिस की गिरफ्त में

खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक मदरसे से भारी मात्रा में नकली नोट बरामद होने से हड़कंप मच गया है। जावर थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित इस मदरसे से अब तक 15 लाख रुपये से अधिक के नकली नोट मिल चुके हैं। इस मामले का मुख्य आरोपी मस्जिद का इमाम है, जिसे महाराष्ट्र पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

यह पूरा मामला एक अंतरराज्यीय रैकेट की ओर इशारा कर रहा है, जिसकी कड़ियां महाराष्ट्र से लेकर मध्य प्रदेश तक जुड़ी हुई हैं।

महाराष्ट्र से खुला राज

इस रैकेट का खुलासा तब हुआ जब महाराष्ट्र के मालेगांव में पुलिस ने जुबेर पिता अशरफ अंसारी और उसके एक साथी को 10 लाख रुपये के नकली नोटों के साथ पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में जुबेर ने बताया कि वह खंडवा के पैठियां (मछौड़ी रैय्यत) गांव की मस्जिद में इमाम है।

यह जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र पुलिस ने खंडवा पुलिस को अलर्ट किया। सूचना के आधार पर खंडवा पुलिस की एक टीम ने तुरंत मदरसे पर छापा मारा और तलाशी अभियान शुरू किया।

मदरसे के कमरे में नोटों का जखीरा

[dgv_vimeo_video id=”1132909277″]

पुलिस के अनुसार, आरोपी जुबेर मदरसे की ऊपरी मंजिल पर किराए के एक कमरे में रहता था। जब पुलिस ने उसके कमरे की तलाशी ली तो वहां से नकली नोटों के कई बंडल बरामद हुए।

शुरुआती गिनती में 12 लाख रुपये के नकली नोट गिने गए, लेकिन पुलिस का अनुमान है कि कुल रकम 16 लाख रुपये से भी ज्यादा हो सकती है। नोटों की गिनती और जांच की प्रक्रिया अभी जारी है।

बड़े नेटवर्क की आशंका, जांच तेज

पुलिस ने बताया कि आरोपी जुबेर मूल रूप से बुरहानपुर जिले के हरिपुरा इलाके का रहने वाला है। पुलिस को संदेह है कि वह किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है जो मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में नकली नोटों की सप्लाई करता है। फिलहाल, पुलिस जुबेर और उसके साथियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस रैकेट की पूरी सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों का पर्दाफाश किया जा सके।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews