ग्वालियर में प्रभारी मंत्री सिलावट ने फहराया तिरंगा, BSF के श्वान दस्ते ने किया प्रभावित

ग्वालियर में प्रभारी मंत्री सिलावट ने फहराया तिरंगा, BSF के श्वान दस्ते ने किया प्रभावित

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। पूरे देश में मनाये जा रहा आजादी का पर्व (independence day) ग्वालियर (gwalior) में भी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिले का मुख्य आयोजन एसएएफ मैदान पर आयोजित किया गया जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट (Tulsiram Silawat) ने ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए इस बार स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं हुए।

स्वतंत्रता दिवस समारोह (independence day celebration) में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ध्वजारोहण के पश्चात एक खुले वाहन में सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। मुख्य अतिथि के साथ कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह व पुलिस अधीक्षक अमित सांघी खुले वाहन पर सवार थे। परेड में शामिल जवानों ने तीन बार हर्ष फायर कर “स्वतंत्रता दिवस अमर रहे” के जयकारे लगाए। प्रभारी मंत्री ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े।

ये भी पढ़ें – 75th Independence Day: लाल किले से PM Modi ने दिया नया मंत्र, की बड़ी घोषणाएं, पढ़े यहां

सीमा सुरक्षा बल एवं एसएएफ द्वितीय वाहिनी के बैण्ड की मधुर धुन के साथ निकली संयुक्त परेड सभी के लिए आकर्षण का केन्द्र रही। संयुक्त परेड में बीएसएफ टेकनपुर, सीआरपीएफ, द्वितीय वाहिनी एसएएफ, 13वीं व 14वीं वाहिनी एसएएफ, जिला पुलिस बल एवं नगर सेना की टुकडियां शामिल हुई। संयुक्त परेड के परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह थे, सहायक परेड कमांडर का दायित्व सूबेदार सुश्री सोनम पाराशर ने निभाया। बीएसएफ बैंड का नेतृत्व एसआई के. डेनियल और द्वितीय वाहिनी एसएएफ के बैंड का नेतृत्व प्रधान आरक्षक  रामसेवक दिसौरिया ने किया। आकर्षक परेड की सलामी लेने के पश्चात मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सभी परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया और सभी को कुशल नेतृत्व के लिए बधाई दी।

बीएसएफ के श्वान दस्ते ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

एसएएफ मैदान पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित हुए गरिमामयी समारोह में मौजूद नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल के श्वान दस्ते द्वारा किए गए हैरतअंगेज करतबों ने सभी को भीतर तक प्रभावित किया। अपराधियों से निपटना हो अथवा फिर तस्करों की पहचान या फिर कठिन बाधाओं के बीच से होकर गुजरना हो। राष्ट्रीय श्वान दस्ते ने सभी बाधाओं को फतह करने का जीवंत प्रदर्शन करके दिखाया। साथ ही भारतीय योग विधा और स्वच्छता अभियान पर केन्द्रित प्रेरणादायी करतबों का प्रदर्शन श्वान दस्ते ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद गणमान्य नागरिकों व बच्चों ने तालियां बजाकर श्वान दस्ते का उत्साहवर्धन किया।

मुख्य समारोह में इनकी रही मौजूदगी

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव व उपाध्यक्ष  शांतिशरण गौतम, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी, संभागायुक्त आशीष सक्सेना, आईजी ग्वालियर अविनाश शर्मा, डीआईजी राजेश हिंगणकर, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, जिला पंचायत सीईओ किशोर कान्याल, अपर कलेक्टर आशीष तिवारी व स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती जयति सिंह सहित अन्य अधिकारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें – स्वतंत्रता दिवस: सीएम शिवराज ने किए कई बड़े ऐलान, बोले-27% आरक्षण दिलाने हम प्रतिबद्ध

संभागायुक्त व कलेक्टर ने भी किया ध्वजारोहण

ग्वालियर संभाग के आयुक्त आशीष सक्सेना ने मोतीमहल प्रांगण में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक राष्ट्रगान गाया और भारत माता की जय एवं स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारे भी लगाये। उधर ओहदपुर की सुरम्य पहाड़ियों पर बने कलेक्ट्रेट भवन पर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हम सब बेहतर ढंग से नागरिक सेवाएं देकर ऐसा मानक स्थापित करें, जो अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायी हो। इस आयोजन में अपर कलेक्टर आशीष तिवारी सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

ये भी पढ़ें – Vedio : मदरसे में उत्साह से मनाया स्वतंत्रता दिवस, तिरंगी साड़ी में नजर आईं नेत्री

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews