विश्वास सारंग का कांग्रेस पर चौतरफा हमला, राहुल गांधी के पचमढ़ी दौरे को बताया ‘लाफ्टर शो’, वोट चोरी को लेकर नेहरू का दिया उदाहरण

मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर कई मोर्चों पर हमला बोला है। उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को कांग्रेस की हार की हताशा बताया और राहुल गांधी के आगामी प्रशिक्षण सत्र को 'लाफ्टर शो' करार दिया। साथ ही घुसपैठियों और पुलिस ट्रेनिंग में गीता पढ़ाने के मुद्दे पर भी पार्टी को घेरा।
विश्वास सारंग का कांग्रेस पर चौतरफा हमला, राहुल गांधी के पचमढ़ी दौरे को बताया ‘लाफ्टर शो’, वोट चोरी को लेकर नेहरू का दिया उदाहरण

भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कांग्रेस पार्टी पर चौतरफा हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और राहुल गांधी के आगामी मध्य प्रदेश दौरे पर तंज कसा। सारंग ने घुसपैठियों के मुद्दे से लेकर पुलिस ट्रेनिंग में गीता को शामिल करने के फैसले तक, हर विषय पर कांग्रेस की जमकर आलोचना की।

EVM पर आरोपों को बताया ‘फेस सेविंग’

चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस हमेशा संवैधानिक संस्थाओं पर प्रश्नचिन्ह लगाकर जनता को गुमराह करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पिछले कुछ महीनों से लगातार ‘वोट चोरी’ का प्रोपेगेंडा कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी चुनाव आयोग में कोई ठोस शिकायत दर्ज नहीं कराई।

चुनाव में हार जीत जनता के समर्थन से होती है, चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम कर रहा है… कांग्रेस की शिकायत में कोई तथ्य नहीं है, वो सिर्फ हार के लिए अपनी फेस सेविंग करना चाहते हैं। – विश्वास कैलाश सारंग

सारंग ने आगे आरोप लगाया कि वोट चोरी की शुरुआत राहुल गांधी के पूर्वज जवाहरलाल नेहरू ने की थी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को बिना वजह बदनाम करना कांग्रेस की हारी हुई मानसिकता को दिखाता है।

पचमढ़ी प्रशिक्षण सत्र पर कसा तंज

कांग्रेस द्वारा पचमढ़ी में आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण सत्र पर मंत्री सारंग ने तीखा व्यंग्य किया। उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उनका मध्य प्रदेश में ‘लाफ्टर शो’ के लिए स्वागत है।

55 साल के युवा राहुल गांधी का मध्यप्रदेश में लाफ्टर शो के लिए स्वागत है… जो सैकड़ों चुनाव हारने का रिकार्ड बना चुके हैं वो राहुल गांधी आकर कांग्रेस नेताओं को जीतने का हुनर सिखाएंगे। – विश्वास कैलाश सारंग

सारंग ने कहा कि जो खुद अप्रशिक्षित और अनुशासनहीन हैं, वे जिला अध्यक्षों को क्या प्रशिक्षण देंगे। उनके अनुसार, कांग्रेस की बड़ी लीडरशिप को सबसे पहले प्रशिक्षण की जरूरत है और राहुल गांधी ‘राजनीति के लाफ्टर शो’ के सबसे बड़े किरदार हैं।

घुसपैठ और राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा

कांग्रेस के घुसपैठियों से जुड़े आरोपों पर मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस खुद देश को तोड़ने और इसकी एकता-अखंडता को खंडित करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा ऐसे काम करती है जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदुस्तान का सम्मान गिरे और घुसपैठ बढ़े। सारंग ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, जबकि कांग्रेस उन्हें संरक्षण देती है।

पुलिस ट्रेनिंग में गीता पर कांग्रेस को घेरा

मध्य प्रदेश पुलिस विभाग के ट्रेनिंग सेंटरों में गीता का पाठ पढ़ाने के निर्णय का स्वागत करते हुए सारंग ने कहा कि यह एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा, “गीता जीवन जीने का सार है और इसका ज्ञान युवाओं में नई स्फूर्ति और उमंग भरेगा।” इस मुद्दे पर कांग्रेस की संभावित आलोचना पर उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति और सनातन दर्शन का पाठ पढ़ाए जाने पर कांग्रेस के पेट में दर्द होना स्वाभाविक है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “इटली के संस्कारों में पली-बढ़ी कांग्रेस गीता के सार को क्या जानेगी।”

भोपाल से जितेंद्र यादव की रिपोर्ट

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews