फडणवीस का उद्धव ठाकरे की शिवसेना पर हमला, बोले- ‘बीएमसी में बदलाव तय, पाप की हांडी फोड़ दी’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को दही हांडी उत्सव के मौके पर शिवसेना (उबाठा) पर परोक्ष हमला बोलते हुए कहा कि बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में अब बदलाव तय है।
Devendra Fadnavis

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को दही हांडी उत्सव के मौके पर शिवसेना (उबाठा) पर परोक्ष हमला बोलते हुए कहा कि बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में अब बदलाव तय है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति ने उन लोगों के “पाप का घड़ा फोड़ दिया है” जिन्होंने सालों तक मुंबई नगर निकाय को लूटा। फडणवीस ने दावा किया कि उनकी सरकार ने शहर में विकास की नई शुरुआत की है और जल्द ही मुंबईकरों को बदलाव देखने को मिलेगा।

फडणवीस का उद्धव ठाकरे की शिवसेना पर हमला

बीएमसी पर अविभाजित शिवसेना का लगातार 25 वर्षों तक कब्जा रहा। वर्ष 1997 से लेकर 2022 तक शिवसेना ने नगर निकाय पर नियंत्रण बनाए रखा। फडणवीस ने कहा कि अब महायुति सरकार ने मुंबई में विकास की “नई हांडी” शुरू कर दी है। दही हांडी कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूरे महाराष्ट्र में परंपरागत उत्साह और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। इस मौके पर जगह-जगह युवक-युवतियों की टोलियां मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकी दही हांडी तोड़ने की प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं।

मुख्यमंत्री ने गोविंदा मंडलों से अपील की कि वे सुरक्षित तरीके से दही हांडी मनाएं। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद गोविंदाओं का जोश कम नहीं हुआ है। घाटकोपर में भाजपा विधायक राम कदम द्वारा आयोजित एक विशेष दही हांडी कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में शामिल सुरक्षाकर्मियों को समर्पित किया गया है।

फडणवीस ने कहा कि हमारे सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी वीरता से पाकिस्तान के “पाप का घड़ा फोड़ा” और दही हांडी उत्सव को हमने उन्हीं जवानों की बहादुरी को समर्पित किया है। उन्होंने बताया कि महायुति सरकार ने 2022 में दही हांडी को साहसिक खेल का दर्जा दिया था। साथ ही, इसमें भाग लेने वाले गोविंदाओं के लिए बीमा योजना भी लागू की गई है, ताकि यह उत्सव परंपरा के साथ-साथ सुरक्षित भी रह सके।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews