Hindi News

PM मोदी संग पहली मुलाकात याद कर भावुक हुए फडणवीस, लिखा- सादगी और सेवा की छाप आज भी कायम

Written by:Neha Sharma
Published:
Last Updated:
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि उस मुलाकात ने उनके जीवन को गहराई से प्रभावित किया।
PM मोदी संग पहली मुलाकात याद कर भावुक हुए फडणवीस, लिखा- सादगी और सेवा की छाप आज भी कायम

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि उस मुलाकात ने उनके जीवन को गहराई से प्रभावित किया और नरेंद्र मोदी की सादगी एवं सेवा भाव ने उनके मन पर अमिट छाप छोड़ी। फडणवीस ने बताया कि वह उस समय युवा मेयर थे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से सीखने के लिए हमेशा उत्सुक रहते थे। नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनकी और नरेंद्र मोदी की पहली बातचीत हुई थी।

सीएम फडणवीस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “जब मैं नरेंद्र मोदी से पहली बार मिला था, मुझे अंदाजा नहीं था कि यह पल मुझ पर इतनी गहरी छाप छोड़ जाएगा। मैं उस समय भारतीय जनता युवा मोर्चा, नागपुर का अध्यक्ष था और अभ्यास वर्ग के आयोजन की पूरी जिम्मेदारी मेरे ऊपर थी। सभी अतिथियों के लिए हमने खास इंतजाम किए थे और गणमान्य नेताओं के लिए रेस्ट हाउस भी तैयार कराए थे।”

PM मोदी संग फडणवीस की पहली मुलाकात

फडणवीस ने आगे बताया कि जब नरेंद्र मोदी नागपुर पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले रेशमबाग में डॉ. हेडगेवार की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद जब उनसे ठहरने की व्यवस्था के बारे में पूछा गया तो उन्होंने रेस्ट हाउस में रहने से इनकार कर दिया। इसके बजाय, उन्होंने इच्छा जताई कि वे रेशमबाग परिसर में संघ कार्यकर्ताओं के लिए बने छोटे से कमरे में ही रहना चाहेंगे।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि मोदीजी की यह बात सुनकर वह हैरान रह गए। उन्होंने महसूस किया कि यह नरेंद्र मोदी की विनम्रता और संघ की परंपराओं से गहरे जुड़ाव का परिचायक है। पूरे कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हर छोटी-बड़ी बात पर ध्यान दिया और यह सुनिश्चित किया कि सभी प्रतिभागी सहज महसूस करें। इसने उनकी कार्यशैली और सोच की एक झलक उस समय ही दिखा दी थी।

फडणवीस ने अंत में कहा कि नरेंद्र मोदी के साथ उनकी यह पहली मुलाकात उनके जीवन में मील का पत्थर साबित हुई। इस मुलाकात ने उन्हें यह सिखाया कि एक सच्चा नेता वह है जो विलासिता से ज्यादा सादगी और पद से ज्यादा सेवा को महत्व देता है। उन्होंने लिखा कि नरेंद्र मोदी की यही छवि उनके दिल में हमेशा के लिए बस गई है और आज भी उन्हें प्रेरित करती है।