
भारतीय जनता पार्टी के विधायक गोपीचंद पडलकर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार पर जमकर हमला बोला है। पडलकर ने शरद पवार के राजनीतिक तौर-तरीकों को निशाने पर लेते हुए कहा कि पवार परिवार में “डुप्लीकेटपना” भरा हुआ है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “रोहित पवार अपने दादा पर गए हैं, जिन्होंने 50 सालों से सोना बताकर पीतल बेचा है। चिंधियां ओढ़कर सोना नहीं बेचा जा सकता, लेकिन सोना ओढ़कर चिंधियां जरूर बेची जा सकती हैं। इसी तरह का कारोबार पवार परिवार ने किया है। हाल ही में रोहित पवार को उनके ही चाचा ने सवालों के घेरे में खड़ा किया था।”
गोपीचंद पडलकर का तीखा हमला
पडलकर ने अपने बयान में रोहित पवार की तुलना औरंगजेब से कर दी। उन्होंने उपमुख्यमंत्री अजित पवार का जिक्र करते हुए कहा, “मुझे अजित पवार के बच्चों की चिंता है, क्योंकि रोहित पवार औरंगजेब जैसी मानसिकता रखते हैं। औरंगजेब ने सत्ता के लिए अपने पिता और भाइयों का सर्वनाश किया था। अजित पवार तो बच निकले, लेकिन भविष्य में कहीं रोहित पवार उनके बच्चों के साथ वैसा ही बर्ताव न करें, इस पर मुझे शक है।”
भाजपा विधायक ने रोहित पवार की राजनीतिक भूमिका और उनकी मीडिया कवरेज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मुझे पवार परिवार की चिंता करने की जरूरत नहीं है, मैं उनसे निपटने में सक्षम हूं। लेकिन अजित पवार को रोहित पवार की चिंता जरूर करनी चाहिए। रोहित पवार को लगता है कि उन्होंने सरकार की नाक में दम कर रखा है। लेकिन सच्चाई यह है कि विधानसभा सत्र के दौरान वे पत्रकारों और सिक्योरिटी गार्ड से भी पहले पहुंच जाते थे, ताकि मीडिया में बयान छप सके। मीडिया में आना सरकार को चुनौती देने जैसा नहीं होता।”
पडलकर ने रोहित पवार की जनाधार क्षमता पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “जैसे मुर्गी चार कदम चलकर हांफ जाती है, वैसे ही रोहित पवार को लगता है कि वे जनता का काम कर रहे हैं। उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र पर ध्यान देना चाहिए। अभी तो वे पोस्टल बैलेट से जीते हैं, लेकिन भविष्य में वहीं से चुनाव जीतना भी मुश्किल होगा। अखिल महाराष्ट्र का नेता बनने की चाहत में वे अपनी विधायक की कुर्सी भी खो बैठेंगे। इसलिए उन्हें अपनी चिंता करनी चाहिए। गोपीचंद की चिंता करने के लिए हम पूरी तरह सक्षम हैं।”
