Hindi News

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलीं डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार, अजित पवार विमान हादसे की CBI जांच की मांग की, अन्य NCP नेता भी रहे मौजूद

Written by:Gaurav Sharma
Published:
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत की सीबीआई जांच की मांग की। सीएम ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से पत्राचार का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलीं डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार, अजित पवार विमान हादसे की CBI जांच की मांग की, अन्य NCP नेता भी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मंगलवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत की सीबीआई से जांच कराने की मांग वाला ज्ञापन सौंपा। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस मामले में सच सामने लाने की पुरजोर वकालत की।

इस प्रतिनिधिमंडल में सांसद प्रफुल पटेल, सांसद सुनील तटकरे, मंत्री हसन मुश्रीफ और युवा नेता पार्थ पवार शामिल रहे। सभी नेताओं ने एकजुट होकर इस संवेदनशील मामले में पारदर्शी जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।

सीएम ने दिया केंद्र से संपर्क का आश्वासन

सांसद सुनील तटकरे ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने उनकी मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। सीएम ने कहा कि वो बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय से इस संदर्भ में पत्राचार करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हादसे का सच सामने आना जरूरी है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

“उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में आज हमने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। अजित दादा की प्लेन क्रैश में मौत मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग रखी, जिस पर सीएम ने बोला कि वो कल केंद्रीय गृह मंत्रालय से इस संदर्भ में पत्राचार करेंगे।”- सुनील तटकरे, सांसद

28 जनवरी को बारामती के पास हुई थी दुर्घटना

अजित पवार की मौत को तीन सप्ताह से अधिक समय हो चुका है। 28 जनवरी को जब वो मुंबई से बारामती में एक महत्वपूर्ण बैठक के लिए जा रहे थे, तब बारामती के पास उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

इस भीषण हादसे में अजित पवार के अलावा पांच अन्य लोगों की भी जान चली गई थी। मृतकों में उनके सुरक्षा गार्ड विदीप जाधव, विमान के पायलट सुमित कपूर, सहपायलट शम्भावी पाठक और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल थीं।

रोहित पवार ने उठाए थे गंभीर सवाल

अजित पवार के भतीजे और विधायक रोहित पवार ने पिछले सप्ताह मुंबई और दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विमान दुर्घटना पर गंभीर संदेह जताए थे। उन्होंने दावा किया था कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि हिट एंड रन का मामला है।

रोहित पवार ने 28 जनवरी की पूरी घटना का विस्तृत ब्योरा देते हुए कुछ सबूत भी पेश किए थे, जिससे पूरे मामले में संदेह के बादल गहरा गए हैं। उनके आरोपों के बाद से ही परिवार और पार्टी की ओर से स्वतंत्र जांच की मांग तेज हो गई थी।

विमान के रिकॉर्डर से डेटा रिकवरी जारी

दुर्घटना की जांच में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त विमान के दोनों रिकॉर्डर, ब्लैक बॉक्स और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर, अत्यधिक तापमान और आग से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

विशेषज्ञों की टीम इन रिकॉर्डरों से डेटा रिकवर करने का काम कर रही है। इसके अलावा जिस देश में यह विमान निर्मित किया गया था, वहां के आधिकारिक प्रतिनिधियों से तकनीकी जानकारी और सहायता मांगी गई है। जांच अधिकारियों को उम्मीद है कि रिकॉर्डर का डेटा दुर्घटना के सटीक कारणों को उजागर करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews