महाराष्ट्र निकाय चुनाव में महायुति की प्रचंड जीत, प्रधानमंत्री मोदी ने जनता का जताया आभार, शाह-योगी ने भी दी शुभकामनाएं

महाराष्ट्र में रविवार को नगर निकाय चुनाव के नतीजों में महायुति को शानदार जीत मिली तो महाविकास अघाड़ी ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, विकास के साथ मजबूती से खड़ा है। नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभारी हूं।
maharashtra local body election result

महाराष्ट्र में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के नतीजे रविवार को सामने आ गए हैं। इस चुनाव में भाजपा और महायुति गठबंधन (भाजपा, शिवसेना, एनसीपी) को प्रचंड जीत हासिल हुई है। कुल 288 सीटों में से 218 सीटें जीतकर महायुति ने यह संकेत दे दिया है कि शहरी और अर्ध-शहरी इलाकों में जनता का भरोसा उसके साथ मजबूती से खड़ा है।

पार्टीवार नतीजों की बात करें तो बीजेपी ने 127 सीटें जीतकर खुद को महायुति की सबसे बड़ी और निर्णायक पार्टी के रूप में स्थापित किया है। इसके सहयोगी दलों में शिवसेना (शिंदे गुट) को 54 सीटें और एनसीपी (अजित पवार गुट) को 37 सीटें मिली हैं। इस तरह कुल मिलाकर महायुति के खाते में 218 सीटें गईं, जो गठबंधन की मजबूत पकड़ को दर्शाता है।

महाराष्ट्र में BJP की प्रचंड जीत, पीएम मोदी ने जनता का जताया आभार

महाराष्ट्र में बीजेपी को मिली शानदार जीत के बाद अब प्रधानमंत्री का बयान सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि महाराष्ट्र, विकास के साथ मजबूती से खड़ा है। नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभारी हूं। यह जन-केंद्रित विकास के हमारे दृष्टिकोण में विश्वास को दर्शाता है। हम राज्य भर में प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं जमीनी स्तर पर उनकी कड़ी मेहनत के लिए भाजपा और महायुति कार्यकर्ताओं की सराहना करता हूं।

महाराष्ट्र में महायुति की जीत पर क्या बोले मुख्यमंत्री फडणवीस?

महाराष्ट्र में महायुति को मिली शानदार जीत पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बयान सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि महाराष्ट्र के लोगों का बहुत शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने म्युनिसिपल काउंसिल और नगर पंचायत चुनावों में BJP और महायुति को भारी बहुमत दिया। यह शानदार सफलता हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं की वजह से है, उनकी कड़ी मेहनत, लगन और मेहनत से ही यह जीत मुमकिन हुई है।

महाराष्ट्र के लोगों ने एक बार फिर PM नरेंद्र मोदी की दूर की सोचने वाली लीडरशिप, BJP के नेशनल प्रेसिडेंट और माननीय यूनियन मिनिस्टर जे. पी. नड्डा और बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन पर अपना अटूट भरोसा दिखाया है, जिससे BJP की ऐतिहासिक जीत का रास्ता साफ हुआ है।

महाराष्ट्र BJP के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण को इस चुनाव में शानदार प्रदर्शन के लिए दिल से बधाई, यह उनके कार्यकाल और नेतृत्व में हुआ पहला चुनाव है। मेरे सभी साथियों और हमारे अथक कार्यकर्ताओं को भी बधाई जो लगातार काम कर रहे हैं। यह जीत तो बस एक ट्रेलर है जो हम आने वाले नगर निगम चुनावों में देखेंगे। मैं पार्टी के हर कार्यकर्ता से गुज़ारिश करता हूँ कि वे भविष्य में हमें और बड़ी जीत की ओर ले जाने के लिए और भी ज़्यादा मेहनत और कोशिशों के साथ काम करें।

अमित शाह ने NDA के सभी कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए कहा कि महाराष्ट्र नगर पंचायत व नगर परिषद के चुनाव में महायुति को प्रचंड समर्थन देने के लिए प्रदेश की जनता का आभार। यह विजय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NDA की केंद्र व राज्य सरकार के हर वर्ग के कल्याण के विजन पर जनता का आशीर्वाद है। इस जीत पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार सहित NDA के सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देता हूँ।

महाराष्ट्र में महायुति को मिली जीत पर सीएम योगी ने दी बधाई

महाराष्ट्र नगर पंचायत व नगर परिषद के चुनाव में महायुति को मिली प्रचंड विजय की बीजेपी एवं NDA के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई। यह विजय प्रधानमंत्री मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के लोकनिष्ठ नेतृत्व पर जनविश्वास की मुहर है। महायुति को अपना मत रूपी अमूल्य आशीर्वाद प्रदान करने वाले प्रत्येक सम्मानित मतदाता का हार्दिक अभिनंदन।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews