महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़े पवार परिवार में लंबे समय बाद खुशियों का मौका आने वाला है। दरअसल पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार 29 जुलाई को कायनात धर से सगाई करने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिता अजित पवार के निधन के बाद परिवार का यह पहला बड़ा पारिवारिक समारोह होगा, इसलिए कार्यक्रम को बेहद सादगी से आयोजित किया जाएगा। दोनों के रिश्ते की चर्चा पिछले कई महीनों से चल रही थी, जिस पर अब लगभग मुहर लग गई है।
दरअसल अजित पवार के निधन के बाद पवार परिवार मुश्किल दौर से गुजरा है। ऐसे समय में पार्थ पवार की सगाई की खबर परिवार के लिए नई शुरुआत मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सगाई 29 जुलाई को पुणे में एक निजी समारोह में होगी, जहां सिर्फ परिवार और करीबी लोग मौजूद रहेंगे। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कुछ चुनिंदा हस्तियों के शामिल होने की भी संभावना है।
जानिए कौन हैं कायनात धर?
दरअसल कायनात धर को लेकर लोगों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार उनका परिवार मूल रूप से कश्मीरी पंडित समुदाय से जुड़ा है और दिल्ली-एनसीआर से भी उनका मजबूत संबंध बताया जाता है। उन्होंने कॉर्पोरेट और क्रिएटिव सेक्टर में काम किया है और पहले Design Box की टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। सोशल और प्रोफेशनल सर्कल में उनकी पहचान एक शांत और लो-प्रोफाइल शख्सियत के रूप में है। वहीं पार्थ पवार और कायनात धर के रिश्ते की चर्चा तब तेज हुई थी जब दोनों को सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की शादी में साथ देखा गया था।
वहीं इसके बाद दोनों कई पारिवारिक कार्यक्रमों में भी नजर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक कायनात का परिवार लंबे समय से पवार परिवार के संपर्क में रहा है। यही वजह है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से अच्छी समझ और करीबी रिश्ता रहा है। बताया जाता है कि अजित पवार को भी इस रिश्ते पर कोई आपत्ति नहीं थी और परिवार की सहमति से ही यह रिश्ता तय हुआ था।
परिवार के लिए होगी नई शुरुआत
वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्थ पवार और कायनात धर की शादी भी सगाई के बाद जल्द पुणे में आयोजित की जा सकती है। हालांकि, अजित पवार के निधन को देखते हुए परिवार ने किसी बड़े जश्न की बजाय सीमित मेहमानों के बीच सादगी से सभी रस्में पूरी करने का फैसला किया है। पार्थ पवार पिछले कुछ वर्षों में राजनीति में सक्रिय हुए हैं और वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। दूसरी ओर, कायनात धर सार्वजनिक जीवन से काफी दूर रही हैं और उन्होंने हमेशा निजी जीवन को प्राथमिकता दी है। यही वजह है कि उनके बारे में बहुत कम जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। इस सगाई के बाद वह महाराष्ट्र के चर्चित राजनीतिक परिवार की नई सदस्य बनने जा रही हैं।






