MP Breaking News

ऑक्सीजन खत्म होने से गई जान? मंडला के अजीत बरैया मौत मामले में वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल!

मंडला के 21 वर्षीय किडनी मरीज अजीत बरैया की मौत के बाद सामने आए एक वीडियो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। दरअसल वीडियो में एंबुलेंस का ऑक्सीजन सिलेंडर खाली होने का दावा किया जा रहा है।
ऑक्सीजन खत्म होने से गई जान? मंडला के अजीत बरैया मौत मामले में वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल!

मध्य प्रदेश के मंडला जिले में अजीत बरैया की मौत अब सिर्फ एक मेडिकल इमरजेंसी का मामला नहीं रह गया है। दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने इस घटना को लेकर नई बहस छेड़ दी है। बता दें कि वीडियो में ऑक्सीजन सिलेंडर का प्रेशर शून्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जबकि परिजन इसे मौत की बड़ी वजह बता रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक 21 वर्षीय अजीत बरैया किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। 27 जुलाई को उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि एंबुलेंस में मौजूद ऑक्सीजन सिलेंडर समय से पहले खाली हो गया, जिससे मरीज को जरूरी ऑक्सीजन सपोर्ट नहीं मिल सका। अब सामने आए वीडियो ने इन आरोपों को और चर्चा में ला दिया है।

जांच के बाद ही होगी तस्वीर साफ

अजीत बरैया की मौत के बाद वायरल हुए वीडियो में एंबुलेंस के अंदर का दृश्य दिखने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में ऑक्सीजन सिलेंडर का प्रेशर गेज शून्य पर दिखाई देता है और मरीज सांस लेने के लिए संघर्ष करता नजर आता है। साथ ही उसके माता-पिता भी बेहद परेशान दिखाई देते हैं। यदि जांच में यह वीडियो सही पाया जाता है, तो यह आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही का मामला बन सकता है। फिलहाल प्रशासन ने वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है, इसलिए इसे अंतिम साक्ष्य नहीं माना जा सकता।

परिजनों की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई

वहीं मामले को लेकर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एल. कोरी ने पहले ही बताया था कि 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन भोपाल स्थित कंट्रोल सिस्टम के माध्यम से किया जाता है। उन्होंने कहा कि परिजनों की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी। जांच में एंबुलेंस की तकनीकी स्थिति, ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता, चालक और मेडिकल स्टाफ की भूमिका समेत सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
ऑक्सीजन खत्म होने से गई जान? मंडला के अजीत बरैया मौत मामले में वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल! - MP Breaking News