मंदसौर के भैंसा पहाड़ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें 4 वर्ष मासूम की मौत हो गई है। दरअसल खेलते खेलते एक बच्चा पानी के टैंक में डूब गया और उसकी जान चली गई।
4 साल का खुदाबख्श जब इस घटना का शिकार हुआ।तब पूरा परिवार घर में आयोजित फातिहा के कार्यक्रम में व्यस्त था। काफी देर तक बच्चे के ना दिखाई देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 2 घंटे बाद उसका शव घर के पास बने पानी के टैंक में मिला। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के मुताबिक डेढ़ महीने पहले सरवर शेख की बहन का निधन हो गया था। परिवार ने सवा महीने का फातिहा कार्यक्रम रखा था, उसमें रिश्तेदार और मेहमान शामिल हुए थे। इस दौरान बच्चा खेलते खेलते घर से बाहर निकल गया और व्यस्त होने के कारण परिवार के लोगों का उस पर ध्यान नहीं गया। कुछ समय बाद जब बच्चे को ढूंढा गया तो घर के पास में छोटे पानी के टैंक में उसका शव तैर रहा था। जानकारी लगते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई।
पोस्टमॉर्टम के बाद दिया जाएगा शव
अपने बच्चे को पानी के टैंक में देख परिजन उसे लेकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बच्चे का शव मोर्चुरी में रखा गया है। पेस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले किया जाएगा।






