मंदसौर में बदमाशों ने केवल एक मिनट में बाइक चोरी की घटना को अंजाम दिया। जिसे भी इस मामले का पता लगा वह हैरान रह गया। दरअसल, यह बदमाश बहुत फुर्ती मौके से बाइक लेकर फरार हो गए और किसी को खबर तक नहीं लगी। यह घटना मंदसौर की पिपलिया मंडी में मंगलवार की सुबह हुई है।
यहां मनासा रोड स्थित माधव बीज भंडार के पास एक साड़ी की दुकान है। इसके बाहर खड़ी बाइक को तीन बदमाश चुरा ले गए। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा में यह पूरा मामला कैद हो गया है। इसमें देखा जा सकता है कि बदमाश एक बाइक से मौके पर पहुंचते हैं। केवल एक मिनट में बाइक का लॉक तोड़ते हैं और उसे लेकर भाग निकलते हैं।
एक मिनट में गायब हुई बाइक
जानकारी के मुताबिक सरवानिया के रहने वाले पवन पोरवाल ने अपनी काले रंग की बाइक साड़ी की दुकान के बाहर खड़ी की थी। मंगलवार की सुबह 4:42 पर बदमाश मौके पर आए। इनमें से दो उतरकर बाइक के पास पहुंचे। एक ने चाबी से लॉक खोलने की कोशिश की और कुछ ही सेकंड में बाइक को अनलॉक कर दिया। इसके बाद यह बाइक स्टार्ट कर मौके से निकल गए। इनके साथ आया तीसरा बदमाश भी इनके पीछे पीछे चला गया। इस चोरी को करने में बदमाशों ने बहुत कम समय लगाया। यह सब कुछ इतनी सफाई से किया गया कि आसपास के लोगों को भनक भी नहीं लगी।
बदमाशों को ढूंढ रही पुलिस
इस घटना में पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अब पुलिस बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश करने की कोशिश कर रही है। बाइक चोरी की इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। लगातार हो रही है वारदातों से लोगों में चिंता देखने को मिल रही है।






