17 जनवरी 2024 IMD मौसम अपडेट: तेज सर्दी से कांपी दिल्ली, जारी है शीतलहर और कोल्ड डे, ऑरेंज अलर्ट जारी

IMD Weather Update

IMD Weather Update Today 17 January 2024 : दिल्ली में सर्दी का सितम जारी है, पिछले सात दिनों से जारी कोल्ड डे के हालात में कोई तबदीली नहीं हुई है, शीतलहर का प्रकोप भी अभी जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि अभी कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात रहने वाले हैं, आईएमडी ने आने वाले दो दिनों के लिए दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

5 दिनों तक उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे के आसार 

भारत मौसम विभाग ने पूर्वानुमान रिपोर्ट में कहा है कि अगले 5 दिनों तक उत्तर भारत के लोगों को घने से बहुत घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा, इसके अलावा उत्तर पश्चिमी क्षेत्र के मैदानी क्षेत्रों में कोल्ड डे से गंभीर कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

दिल्ली में दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट 

राष्ट्रीय राजधानी के मौसम का अपडेट जारी करते हुए आईएमडी ने बताया कि आज बुधवार को दिल्ली ठंड से कांप रही है, गलन वाली सर्दी से ठिठुरन बढ़ गई है। आज न्यूनतम तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया जिसने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया यहाँ लगातार सातवे दिन कोल्ड डे और शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, मौसम विभाग ने 19 और 20 जनवरी के लिए अभी से ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।

ये राज्य घने कोहरे से रहेंगे परेशान 

IMD के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 जनवरी 2024 तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश और दिल्ली में 18 जनवरी तक कई हिस्सों में रात/सुबह कुछ घंटों के लिए कोहरा छाया रहेगा। बिहार, उत्तरी राजस्थान, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में तड़के कोहरा छाया रहेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews