कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। सीआईएल ने अपने वेज बोर्ड (गैर-अधिकारी श्रेणी) के कर्मचारियों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ते (VDA) की नई दरों की घोषणा कर दी है। कोल इंडिया ने वेज बोर्ड कर्मचारियों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ता संशोधित कर 24.5% प्रति माह निर्धारित किया है।
1 मार्च से 31 मई 2026 तक लागू
2 मार्च 2026 को जारी सीआईएल के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह नई दर 1 मार्च 2026 से प्रभावी हो गई है। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मार्च की सैलरी के साथ अप्रैल में मिलेगा। यह संशोधन दिसंबर 2025 तिमाही (अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025) के औसत अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर तय किया गया है। यह संशोधित दर 1 मार्च 2026 से 31 मई 2026 तक की अवधि के लिए लागू रहेगी। इस निर्णय से कोल इंडिया और उसकी सभी सहायक कंपनियों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
किन कर्मचारियों को मिलेगा
इस फैसले से कोल इंडिया की सभी सहायक कंपनियों (जैसे ECL, BCCL, CCL, WCL, SECL, NCL, MCL) में कार्यरत वेज बोर्ड कर्मचारियों को सीधा वित्तीय लाभ मिलेगा। बता दे कि कोल इंडिया में गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के लिए VDA की समीक्षा हर तीन महीने यानि मार्च (जनवरी-मार्च), जून (अप्रैल-जून) और सितंबर (जुलाई-सितंबर) और दिसंबर (अक्टूबर-दिसंबर) में की जाती है। महंगाई भत्ते में इस वृद्धि का असर कर्मचारियों के अन्य भत्तों और भविष्य की गणनाओं पर भी सकारात्मक रूप से पड़ेगा। अगली समीक्षा जून 2026 में होगी, जो जनवरी से मार्च 2026 के मुद्रास्फीति आंकड़ों पर आधारित होगी।







