दिल्ली की सड़कों पर जल्द ही दौड़ेंगी 3330 नई इलेक्ट्रिक बसें, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ट्वीट कर दी जानकारी

Delhi Electric Bus

देश की राजधानी दिल्ली में इस समय प्रदूषण से लोगों का बुरा हाल है। राज्य और केंद्र सरकार प्रदूषण को कम करने के लिए कई सख्त कदम उठा रहीं हैं। इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह ग्रीन बनाने और प्रदूषण नियंत्रण को देखते हुए 3,330 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बस चलाने का फैसला लिया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी।

मुख्यमंत्री ने पोस्ट साझा करते हुए बताया कि जल्द ही DTC के बेड़े में 3,330 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। इनमें 7 मीटर लंबी मिनी बसें भी होंगी, ताकि दिल्ली की संकरी गलियों और अंदरूनी इलाकों तक भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट सहज रूप से पहुंच सके। कम प्रदूषण, बेहतर कनेक्टिविटी और आसान सफर को सुनिश्चित करना दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है। यह निर्णय दिल्ली को स्वच्छ और सुगम शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने की थी CESL के साथ बैठक

हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने CESL के साथ उच्च स्तरीय बैठक की थी। जिसके बाद यह निर्णय लिया गया कि पीएम ई-ड्राइव योजना (फेज-2) के तहत दिल्ली के लिए बसों का कोटा बढ़ाया जाए। सीएम का कहना है कि बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक बसों के सड़क पर उतरने के बाद दिल्ली के प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

बता दें कि दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार और भारी उद्योग मंत्रालय से अनुरोध किया है कि यह अतिरिक्त मांग जो पहले से स्वीकृत 2,800 बसों के कोटे से अलग है, उसको सब्सिडी मॉडल में शामिल किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अगर सब्सिडी को लेकर कोई तकनीकी समस्या आती है तो दिल्ली सरकार स्वयं इस खर्च को वहन करेगी।

क्या है पीएम ई-ड्राइव योजना?

प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना भारत सरकार की एक पहल है, जिसे भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा 10,900 करोड़ रुपये के बजट के साथ अक्टूबर 2024 से मार्च 2026 तक के लिए लागू किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, ई-बसों और ई-ट्रकों की खरीद पर वित्तीय प्रोत्साहन देकर ईवी (EV) अपनाने की प्रक्रिया को तेज करना और देश में प्रदूषण कम कर वायु गुणवत्ता में सुधार लाना है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews