26 पार्टियों के 80 नेता INDIA गंठबंधन की बैठक में होंगे शामिल, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

INDIA alliance meet

INDIA Alliance Meet: देश के अलग-अलग राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारी के साथ केंद्रीय स्तर पर लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी भी चल रही है। सभी पार्टियां अपनी रणनीति बनाने में जुटी हुई है और इसी बीच इंडिया गठबंधन के राजनीतिक दल 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में एक मीटिंग में शामिल होने वाले हैं। यह विपक्षी नेताओं की तीसरी बैठक होने वाली है। इससे पहले 23 जून को और उसके बाद 17 और 18 जुलाई को बेंगलुरु में बैठक का आयोजन किया गया था। दोनों बैठकों में 26 पार्टियों ने एक साथ मुलाकात की थी।

तीसरी बैठक मुंबई में आयोजित होने वाली है और खबरों के मुताबिक इस बैठक में 26 पार्टियों के 80 नेता शामिल होंगे, साथ में पांच मुख्यमंत्री भी रहेंगे। वहीं कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इस बैठक में शामिल हो सकती हैं।

इंडिया गठबंधन की बैठक का उद्देश्य

26 दलों की गठबंधन की बैठक का जो आयोजन किया जा रहा है, उसमें आखिरकार किस विषय पर चर्चा की जाएगी, इस बारे में सभी जानना चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बैठक के एजेंडा को अंतिम रूप दिल्ली में दिया जाएगा। इसके अलावा न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर चर्चा करने के साथ इंडिया गठबंधन के संयोजकों के नाम की घोषणा भी की जा सकती है।

तय हो सकता है लोगो

1 सितंबर को बैठक शुरू होने से पहले इंडिया गठबंधन के लोगो का अनावरण होने की बात भी सामने आ रही है। सोनिया गांधी समेत पांच राज्यों के मुख्यमंत्री और इंडिया ब्लॉक के नेता 31 अगस्त की शाम 6 बजे से पहले मुंबई पहुंच जाएंगे। फिलहाल इस गठबंधन का हिस्सा 26 दल बन चुके हैं और दो दिनों के लिए रखी गई इस बैठक में कुछ अन्य दल भी गठबंधन में शामिल हो सकते हैं। इस बैठक में 31 अगस्त को होने वाले रात्रि भोज की मेजबानी उद्धव ठाकरे करेंगे। दूसरे दिन वहीं पर बैठक और प्रेस वार्ता का आयोजन किया जाएगा।

आज भी है बैठक

महागठबंधन की इस बैठक से पहले तैयारी का अंतिम रूप देने के लिए आज शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार और कांग्रेस के कुछ नेताओं की मुंबई में एक बैठक होने वाली है। 31 अगस्त और 1 सितंबर को ग्रैंड हयात होटल में विपक्ष गठबंधन की बैठक होना है और यह सभी नेता तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए यहीं पर मुलाकात करेंगे।

तमाम पार्टियों के नेताओं का जमावड़ा इस मीटिंग में शामिल होने के लिए इकट्ठा होने वाला है। उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करने के लिए बीते दिन ही अनिल देसाई, सुप्रिया सुले, वर्षा गायकवाड़ समेत कई नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की थी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews