काकीनाडा: आंध्र प्रदेश का काकीनाडा जिला शनिवार दोपहर एक भीषण धमाके से दहल गया। यहां के वेटलापलेम गांव में स्थित एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में हुए शक्तिशाली विस्फोट में 15 से ज्यादा मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब यूनिट में 20 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ धुआं फैल गया।
बचाव कार्य में जुटे ग्रामीण
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के गांवों के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक टीमों के आने से पहले ही बचाव कार्य शुरू कर दिया और मलबे में दबे घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भेजना शुरू किया। सभी घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
सरकार ने दिए जांच के निर्देश
राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “यह एक बेहद दुखद घटना है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। हमारी प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना है।”
“इस दुखद घटना से गहरा आहत हूं। मैंने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।”- एन चंद्रबाबू नायडू, मुख्यमंत्री, आंध्र प्रदेश
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की विस्तृत जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का निर्देश दिया है। फिलहाल, प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।






