दिल्ली में कैंडल मार्च को लेकर AAP और पुलिस में झड़प, पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज समेत कई नेता हिरासत में, जानें पूरा मामला

दिल्ली के जनकपुरी में कमल ध्यानी की मौत के विरोध में निकाले जा रहे कैंडल मार्च के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। पुलिस ने बिना इजाजत मार्च निकालने पर कार्रवाई करते हुए AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया है।
Saurabh Bharadwaj

नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड के गड्ढे में गिरने से हुई कमल ध्यानी की मौत के मामले ने रविवार शाम को राजनीतिक मोड़ ले लिया। जनकपुरी में कमल ध्यानी को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित कैंडल मार्च के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के बीच जमकर हंगामा और झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

यह घटनाक्रम तब शुरू हुआ जब AAP कार्यकर्ता और स्थानीय लोग कैंडल मार्च के लिए घटना स्थल पर इकट्ठा हुए। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई थी। पुलिस अधिकारियों ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे मार्च निकालने की अपनी मांग पर अड़े रहे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

बिना इजाजत मार्च पर अड़े थे कार्यकर्ता

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब AAP कार्यकर्ताओं ने मार्च शुरू करने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौरभ भारद्वाज और अन्य प्रमुख प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें जनकपुरी पुलिस स्टेशन ले जाया गया। इस घटना के बाद, एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

सौरभ भारद्वाज ने X पर किया था ऐलान

इस टकराव से कुछ घंटे पहले ही, सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए इस कार्यक्रम की घोषणा की थी और दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने पुलिस के रवैये की आलोचना करते हुए श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने की बात कही थी।

“आज 5:30 बजे शाम को जनकपुरी में इसी जगह अपने भाई कमल ध्यानी को श्रद्धाजलि देने जाऊंगा। देखियेगा आज यहां कितनी पुलिस आएगी। जनकपुरी पुलिस स्टेशन ने कहा आज छुट्टी है, हमारा इंटीमेशन नहीं लिया। वही बेशर्म पुलिस जो पूरी रात सोती रही, जिस पुलिस ने रात भर कमल के परिवार की रिपोर्ट तक नहीं लिखी, वही पुलिस जिसने कमल को मरने दिया,आज उस पुलिस का रवैया फिर दिखायेंगे।”- सौरभ भारद्वाज, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, AAP

सौरभ भारद्वाज के इसी पोस्ट के बाद बड़ी संख्या में AAP कार्यकर्ता मौके पर जुटने लगे थे। हिरासत में लिए जाने के बाद भारद्वाज ने पुलिस वैन के अंदर से अपनी और अन्य कार्यकर्ताओं की तस्वीरें भी X पर साझा कीं। AAP कार्यकर्ताओं ने कमल ध्यानी की मौत के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर नारेबाजी की।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews