पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले TMC को बड़ा झटका, सांसद मौसम बेनजीर नूर कांग्रेस में शामिल, 7 साल बाद हुई वापसी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। 3 जनवरी 2026 (शनिवार) को राज्यसभा सांसद मौसम बेनजीर नूर 7 साल बाद कांग्रेस में वापस लौट आईं हैं।
TMC MP Mausam Benazir Noor joins Congress

पश्चिम बंगाल में साल 2026 को विधानसभा चुनाव होना है जिसके लिए भाजपा और टीएमसी के अलावा कांग्रेस ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। इस बीच, चुनाव से पहले राजनेताओं का एक दल से दूसरे दल में जाने का सिलसिला शुरु हो गया है। बंगाल चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। 3 जनवरी 2026 (शनिवार) को राज्यसभा सांसद मौसम बेनजीर नूर 7 साल बाद कांग्रेस में वापस लौट आईं हैं।

मौसम बेनजीर नूर के कांग्रेस में शामिल होने की जानकारी पार्टी ने सोशल मीडिया एक्स पर दी। मौसम बेनजीर ने जनवरी 2019 में कांग्रेस छोड़कर TMC में शामिल हुई थीं। उनकी वापसी को कांग्रेस ने ‘घर वापसी’ बताया, जिससे परिवार में ‘फूट’ खत्म होने की बात कही गई।

बता दें कि तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद मौसम बेनजीर नूर शनिवार को दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय पहुंचीं, जहां कांग्रेस नेतृत्व की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश, बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार और मालदा उत्तर से कांग्रेस सांसद और मौसम के भाई ईशा खान चौधरी की मौजूदगी रही।

सोमवार को राज्यसभा से इस्तीफा देंगी मौसम बेनजीर नूर

मौसम बेनजीर नूर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी को धन्यवाद देती हूं कि उन्होंने मुझे उनके साथ फिर से काम करने का मौका दिया। मैंने तृणमूल कांग्रेस से पहले ही इस्तीफा दे दिया है। मैं सोमवार को राज्यसभा से भी इस्तीफा दे दूंगी। इसलिए, आज से मैं कांग्रेस में शामिल हो गई हूं। मैं पार्टी को मजबूत करने के लिए बहुत मेहनत करूंगी क्योंकि बंगाल के लोग, मालदा के लोग, कांग्रेस में विश्वास करते हैं, वे कांग्रेस की सेक्युलरिज्म, विकास और शांति की विचारधाराओं में विश्वास करते हैं।

मौसम बेनजीर नूर के कांग्रेस में शामिल होने पर क्या बोले गुलाम अहमद मीर?

मौसम बेनजीर नूर के कांग्रेस में शामिल होने पर पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और पश्चिम बंगाल की जनता के लिए यह खुशी का मौका है कि मौसम नूर जी पार्टी में शामिल हो रही हैं। मौसम बेनजीर नूर मालदा साऊथ से दो बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष भी थीं। वह TMC से राज्य सभा सांसद भी रहीं। हम काफी दिनों से मौसम नूर के संपर्क में थे और हम सभी उनका पार्टी में स्वागत करते हैं। कांग्रेस पार्टी पश्चिम बंगाल में पूरी ताकत के साथ कम कर रही है। मुझे पूरा भरोसा है कि मौसम नूर के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

गौरतलब है कि मौसम नूर का राज्यसभा कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त होना है। लेकिन इससे पहले कांग्रेस में उनकी एंट्री को चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। उनकी वापसी से कांग्रेस ने साफ संकेत दे दिया है कि वह बंगाल में दोबारा सियासी जमीन मजबूत करने के मूड में है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews