
Air India Flight Turbulence
थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक आए तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। इस घटना में 12 यात्री और केबिन क्रू के सदस्य मामूली रूप से घायल हो गए। एयरलाइन के अनुसार, विमान ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों तथा क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एअर इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि कुछ यात्रियों और केबिन क्रू को हल्की चोटें आई हैं जिन्हें एहतियातन एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर भेजा गया। एयरलाइन की मेडिकल टीम ने उनकी जांच की और पुष्टि की है कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।
एअर इंडिया की फ्लाइट में जोरदार टर्बुलेंस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस उड़ान में करीब 134 यात्री सवार थे। विमान जब दिल्ली में उतरने के लिए डिसेंट कर रहा था, तभी उसे अचानक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। कुछ मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस दौरान विमान कुछ समय के लिए तेजी से नीचे आया, जिससे सीटों पर बैठे यात्रियों और ड्यूटी पर मौजूद केबिन क्रू को झटके लगे और कुछ लोग घायल हो गए।
विमान को नुकसान पहुंचने की भी खबर
एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, यह घटना क्लियर एयर टर्बुलेंस (Clear Air Turbulence-CAT) के कारण हो सकती है। यह ऐसा टर्बुलेंस होता है, जो साफ आसमान में भी अचानक उत्पन्न हो जाता है। इसमें न तो घने बादल होते हैं और न ही गरज-चमक या बारिश जैसे संकेत दिखाई देते हैं। यही कारण है कि मौसम रडार से इसका पहले से पता लगाना मुश्किल होता है और पायलटों के लिए भी इससे पूरी तरह बच पाना हमेशा संभव नहीं होता।
सूत्रों के मुताबिक, तेज झटकों के कारण विमान के केबिन के कुछ हिस्सों को भी मामूली नुकसान पहुंचा है। हालांकि विमान की सुरक्षा पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और पायलट ने सभी निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित दिल्ली में उतार दिया। घटना के बाद विमान का विस्तृत तकनीकी निरीक्षण किया जाएगा।
साभार: एएनआई
#WATCH | Delhi: Several passengers injured after Air India flight encounters severe air turbulence while travelling from Phuket to Delhi pic.twitter.com/OM1lXKRKcm
— ANI (@ANI) August 4, 2026
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

