मुंबई पुलिस की एक गलती ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी, सैफ अली खान मामले पर पकड़े जाने को लेकर बोले आकाश कनौजिया

सुपरस्टार सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया था। छत्तीसगढ़ के दुर्ग से भी एक युवक को पकड़ा गया था। हालांकि इस मामले से उसका कोई लेना-देना नहीं था लेकिन फिर भी उसकी जिंदगी में उथल-पुथल मच चुकी है।
Akash Kanaujia

बॉलीवुड सुपरस्टार सैफ अली खान पर उनके घर में जो हमला हुआ था। उसके बाद काफी अफरा तफरी की स्थिति बन गई थी। मुंबई पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। वैसे पुलिस तो अपने काम में जुटी हुई थी लेकिन इस मामले में करे कोई और भरे कोई वाली कहावत सच साबित हो गई है।

जब मुंबई पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही थी तब छत्तीसगढ़ के दुर्ग से आकाश कनौजिया नाम के एक युवक को हिरासत में लिया गया था। यह बताया गया था कि इसी ने एक्टर के घर में घुसकर हमला किया है। हालांकि, बाद में इस घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति मुंबई से ही पकड़ा गया। आकाश ने भले ही इस घटना को अंजाम न दिया हो लेकिन फिर भी उन्हें इसकी सजा भुगतनी पड़ी है, जिस पर अब उनका दर्द छलका है।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

बता दें कि मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद 18 जनवरी को छत्तीसगढ़ रेलवे सुरक्षा बल ने दुर्ग स्टेशन पर शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से 31 वर्षीय आकाश कनौजिया को हिरासत में लिया था। इस बात का दावा किया गया था कि उसी ने सैफ अली खान पर हमला किया है। इसके दूसरे दिन 19 जनवरी को मुंबई में ठाणे से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया जो असल में मामले का आरोपी निकला। असली आरोपी को पकड़ने के बाद आकाश को छोड़ दिया गया था लेकिन तब तक उनकी जिंदगी पूरी तरह से बर्बादी चुकी थी। अब उसने इंसाफ की मांग की है।

नौकरी छूटी और टूट गई शादी

असली आरोपी के पकड़ में आने के बाद आकाश को छोड़ तो दिया गया लेकिन इसकी वजह से उन्हें और उनके परिवार को काफी बदनामी का सामना करना पड़ा। आकाश के मुताबिक उनका जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है। जब मीडिया रिपोर्ट्स में उसकी तस्वीर दिखाना शुरू की गई और यह दावा किया गया कि वह इस मामले के संदिग्ध हैं, तब परिवार पूरी तरह से टूट गया।

आकाश ने बताया कि पुलिस ये भी नहीं पहचान पाई कि सीसीटीवी में मौजूद व्यक्ति की मूंछें नहीं है और मेरी मूंछें हैं। आकाश का कहना है कि मैं अपनी होने वाली दुल्हन से मिलने जा रहा था और मुझे दुर्ग से हिरासत में ले लिया गया। यहां से मुझे रायपुर ले जाया गया और मुंबई पुलिस की टीम ने मेरे साथ मारपीट भी की।

आकाश की गई नौकरी (Akash Kanaujia)

आकाश ने बताया कि मामले से रिहा होने के बाद जब बाहर आए और अपनी नौकरी फिर से शुरू करना चाही तो उन्हें काम पर आने से मना कर दिया गया। कोई उनकी एक बात सुनने को तैयार नहीं था। दूसरी तरफ घर वालों ने बताया कि होने वाली दुल्हन के परिवार ने शादी की बात की आगे बढ़ने से इनकार कर दिया है। आकाश का कहना है कि मुझे हिरासत में लिए जाने की कुछ घंटे बाद असली आरोपी पकड़ा गया वरना मुझे शायद आरोपी के तौर पर पेश कर दिया जाता।

लगाई न्याय की गुहार

आकाश कनौजिया के मुताबिक इस मामले में पुलिस द्वारा जो कदम उठाए गए उस वजह से उनकी पूरी जिंदगी खराब हो चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि लंबे समय तक इलाज के बाद उनके भाई की मौत हो गई थी। भाई के इलाज की वजह से परिवार को घर बेचकर चॉल में शिफ्ट होना पड़ा था। आकाश ने बताया कि उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं लेकिन इसका ये मतलब नहीं होता कि संदिग्ध के तौर पर गिरफ्तार कर लिया जाए। अब वह सैफ अली खान की बिल्डिंग के बाहर खड़े होकर नौकरी मांगने की योजना बना रहा है क्योंकि एक्टर के साथ जो हुआ उसकी वजह से आकाश का सब कुछ छीन गया है। अब आकाश न्याय मिल पाता है या नहीं यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews