अमिताभ बच्चन ने ‘विकास’ के हाथ से क्यों छीना मोबाइल फोन! पंचायत सीरीज के ‘सहायक जी’ को विदेश जाने से रोका

बिग बी फुलेरा गाँव कैसे पहुँच गए? और वो पंचायत ऑफिस में बैठकर सचिव जी का इंतज़ार क्यों कर रहे हैं? इन सवालों का जवाब इस विज्ञापन में छिपा है..लेकिन ये कोई कमर्शियल विज्ञापन नहीं है। यहां अमिताभ बच्चन लोगों को एक बहुत जरूरी मुद्दे पर सचेत करने आए हैं और यही सीख वो चंदन रॉय को भी दे रहे हैं। साइबर क्राइम को लेकर कैसे सतर्क रहें और अपने आपको सुरक्षित रखें, इस वीडियो को देखकर समझा जा सकता है।
Amitabh Bachchan

Cyber Crime Awareness Campaign : आखिर ऐसा क्या हुआ जो अमिताभ बच्चन ने विकास के हाथ से मोबाइल छीन लिया। वही विकास..सुपरहिट वेब सीरीज़ पंचायत में सचिव जी के सहायक। जब उनके पास एक फोन आया जिसमें उन्हें विदेश में नौकरी क लुभावना ऑफर मिला। रहने खाने के साथ हर महीने दो लाख तनख़्वाह भी। फिर ऐसा क्या हुआ जो बिग बी ने उन्हें इस नौकरी के प्रस्ताव को स्वीकारने से पहले ही रोक दिया।

पंचायत सीरीज़ में विकास की भूमिका निभाने वाले चंदन रॉय आज किसी परिचय के मोहताज नहीं। उनके ‘विकास’ नाम के किरदार को लोगों ने खूब पसंद किया और देखते ही देखते वो कामयाबी की उस सीढ़ी पर चढ़ गए, जिसके सपने कई लोग देखते हैं। ऐसे में सदी से महानायक अमिताभ बच्चन के साथ जब उन्होंने स्क्रीन शेयर की तो इसे भी खूब पसंद किया जा रहा है। खास बात ये कि इस वीडियो के ज़रिए लोगों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने की सीख दी गई है।

Cyber Crime से सतर्क रहें

इन दिनों साइबर क्राइम, ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों में जिस तरह बढ़ोत्तरी हो रही है..वो बेहद चिंता का विषय है। आज हम सभी के हाथों में स्मार्टफोन है और एक क्लिक से हम सैंकड़ों काम कर सकते हैं। लेकिन इसी के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अपराध के केस भी बढ़ रहे हैं। साइबर स्कैमर्स रोज़ नए नए तरीके निकालते हैं लोगों को बेवकूफ बनाकर उनसे पैसे ऐंठने या फिर अन्य फर्जीवाड़ा करने के। ऐसे में बहुत जरूरी हो जाता है कि हम इनसे सावधान रहें और अपने आपको सुरक्षित रखें।

अमिताभ बच्चन और चंदन रॉय का जागरूकता कैंपेन

अमिताभ बच्चन और चंदन रॉय इसी सिलसिले में एक साथ नज़र आ रहे हैं। दरअसल ये एक जागरूकता फैलाने वाला वीडियो है जिसमें बिग बी और चंदन रॉय लोगों को एक छोटी सी कहानी के ज़रिए साइबर क्राइम से सुरक्षित रहने का संदेश देते नज़र आ रहे हैं। इस वीडियो को अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर साझा किया है। इसमें पंचायत सीरीज़ का वही फुलेरा गाँव है और वही दफ्तर। विकास को एक फोन आता है जिसमें कोई शख्स उन्हें विदेश में नौकरी, आने जाने की सुविधा, रहने खाने के इंतज़ाम के साथ दो लाख वेतन का प्रस्ताव देता है। पहले तो विकास इसे नकारते हैं लेकिन बाद में तनख्वाह सुनकर हामी भरने लगते हैं। इसमें में अमिताभ बच्चन नज़र आते हैं और विकास के हाथ से फोन ले लेते हैं।

अब वो सामने वाले स्कैमर को डपटते हुए कहते हैं कि ‘हमारे पास भी आपके लिए तिहाड़ जेल में एक नौकरी है’। ये सुनते ही फोन कट हो जाता है। इसके बाद अमिताभ बच्चन विकास यानी चंदन रॉय को समझाते हैं कि साइबर अपराधियों से बचकर रहें और नौकरी या किसी भी तरह के प्रस्ताव के लालच में न आएं। अगर विदेश में किसी तरह की नौकरी का ऑफर आए भी तो उसे पूरी तरह जाँच परखकर ही आगे बढ़ें। इसी के साथ अगर किसी तरह के फ्रॉड की आशंका हो तो पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज कराएं। इस तरह इस जागरूकता अभियान वाले विज्ञापन में अमिताभ बच्चन और विकास रॉय ने मिलकर लोगों को साइबर क्राइम से बचकर रहने और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews