असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम मोदी को कहा हिटलर, अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा ‘ये मुल्क हमारा था, हमारा रहेगा’

प्रधानमंत्री मोदी के मुसलमानों को घुसपैठिये कहने पर बवाल। संपत्ति और ज़्यादा बच्चे पैदा करने की टिप्पणी पर ओवैसी भाइयों की कड़ी प्रतिक्रिया, कहा 'इस देश की मिट्टी में दफ़्न होने वालों का नाम मुसलमान। हम इस मुल्क के बाशिंदे हैं। हम इस देश के थे, हैं और रहेंगे।' असदुद्दीन ओवैसी ने कहा आप देश के पीएम हैं, किसी चौपाल के नेता नहीं हैं जो इस तरह की बात कर रहे हैं।
Owaisi

Asaduddin Owaisi condemned PM Modi’s statement : रविवार को पीएम मोदी के राजस्थान के बांसवाड़ा में दिए गए भाषण को लेकर हंगामा जारी है। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो वो देश की संपत्ति ‘घुसपैठियों’ में बांट देगी। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के कथित भाषण की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा था कि पहले जिनकी सरकार थी, उनका कहना था कि देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इस टिप्पणी का कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने जमकर विरोध किया। अब AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और उनके भाई अकबरुद्दीन ओवैसी ने भी इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

ये है मामला

बता दें कि प्रधानमंत्री ने राजस्थान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि पहली जिनकी सरकार थी उन्होंने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है और जिनके ज़्यादा बच्चे हैं, संपत्ति उनको बांटेंगे। इसी के साथ उन्होंने अपने भाषण में घुसपैठिये शब्द का इस्तेमाल भी किया था। पीएम मोदी ने कहा था कि कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो वो माताओं-बहनों का मंगलसूत्र भी नहीं बचने देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपकी कमाई घुसपैठियों को बाँट देगी और आपकी संपत्ति छीन लेगी।

असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम मोदी को कहा हिटलर

इस मुद्दे को लेकर अब असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि नरेंद्र मोदी इस देश के प्रधानमंत्री हैं और उन्हें भारत की इतनी बड़ी आबादी के लिए ऐसी बात कहना शोभा नहीं देता है। वे देश के पीएम हैं आप किसी चौपाल के नेता नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी मुसलमानों पर ज़्यादा बच्चे पैदा करने का आरोप लगाते हैं लेकिन क्या वे बताएँगे कि उनके कितने भाई बहन हैं। उनके भाषण को सुनकर लगा कि हिटलर बोल रहा है, भारत का वज़ीर-ए-आज़म नहीं बोल रहा है। ओवैसी ने कहा कि वो पहले भी संसद में कह चुके हैं कि आज भारत का मुसलमान 1930 के जर्मनी के यहूदियों की तरह ख़ुद को समझ रहा है। हिटलर ने भी यहूदियों को गैस चैंबर में डालने से पहले उनके ख़िलाफ़ भाषण देने शुरु किया था और आज नरेंद्र मोदी भी उसी तरह की बात कर रहें हैं। उन्होंने पूछा कि कोई बताए कि हमने किसकी दौलत छिनी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सरासर झूठ कह रहे हैं। मुसलमानों को वे घुसपैठिये बताते हैं और इसे लेकर हमने कई बार पूछा कि वे बताएँ कि देश में कितने घुसपैठिये हैं। इसका उनके पास कोई जवाब नहीं है।  

अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा ‘घुसपैठिये नहीं इस देश के बाशिंदे हैं’

वहीं उनके भाई अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि हम घुसपैठिये नहीं हैं..हम वो हैं जिन्होंने इस देश को ताजमहल की ख़ूबसूरती दी है, कुतुम मीनारी की बुलंदी दी है। लाल क़िला, गोलकुंडा, मक्का मस्जिद, जामा मस्जिद और चार मीनार दिया है। हमने इस मुल्क को सजाया-संवारा है। हम इस मुल्क के बाशिंदे हैं। ये मुल्क हमारा था..हमारा है और हमारा रहेगा। हमें कोई निकाल नहीं सकता है। हम इस मुल्क के थे..हैं और रहेंगे। मरने के बाद इस मुल्क की मिट्टी में दफ़्न होने वालों का नाम मुसलमान है। वहीं उन्होंने ज़्यादा बच्चे पैदा करने के पीएम के बयान पर पलटवार करते हुए कई ऐसे भाजपा नेताओं के नाम गिनाएँ..जो बड़े परिवार से आते हैं। उन्होंने कहा कि मुसलमानों पर ज़्यादा बच्चे पैदा करने का इलज़ाम लगाने वाले नेताओं के ख़ुद के परिवार में कितने भाई बहन हैं, इसका आँकड़ा देखा जा सकता है। इस तरह ओवैसी भाइयों ने पीएम मोदी की टिप्पणी पर कड़ा विरोध ज़ाहिर किया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews