राहुल गांधी के जेल जाने वाले बयान पर हिमंत बिस्वा सरमा का पलटवार, कहा- भूल गए खुद भ्रष्टाचार के आरोपों में ज़मानत पर हैं

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- मैं आभारी हूं क्योंकि आज राहुल गांधी मेरा राजनीतिक कद उस स्तर तक बढ़ा दिया है, जहां मैं कांग्रेस पार्टी में रहते हुए कभी नहीं पहुंच पाता। यह वाकई बहुत संतोष का दिन है।
Rahul Gandhi Himanta Biswa Sarma

असम के दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी के निशाने पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा रहे, राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपके मुख्यमंत्री खुद को मुख्यमंत्री नहीं राजा समझते हैं लेकिन कांग्रेस के बब्बर शेर जल्दी ही उन्हें पकड़कर जेल के अन्दर डाल देंगे, कुछ समय बाद यही मीडिया वाले आपके सीएम को जेल जाते दिखायेंगे उनको ना मोदी बचा पायेगा ना अमित शाह बचा पायेगा, राहुल के इस बयान पर हिमंत बिस्वा सरमा ने पलटवार किया है।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिमंत बिस्वा सरमा पर जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए कहा कि आपके मुख्यमंत्री खुद को राजा समझते हैं और ये असम का राजा 24 घंटे कभी अडानी को कभी अंबानी को आपका धन, आपकी जमीन देने में लगा हुआ है लेकिन यदि आप उनको टीवी में देखोगे उनकी आवाज अच्छी तरह सुनोगे तो पता लगेगा कि आवाज के पीछे डर है। राहुल ने कहा कि वे बड़ी बड़ी बातें करते हैं, चिल्लाते हैं, लेकिन वे जानते हैं कि एक ना एक दिन कांग्रेस के जो बब्बर शेर हैं उन्हें पकड़कर जेल के अन्दर डाल देंगे।

कुछ ही समय में आपको यही मीडिया वाले आपके  सीएम को जेल जाते दिखायेंगे

राहुल गांधी ने कहा वो जानते हैं कि उन्होंने जो भ्रष्टाचार किया है उनके परिवार ने जो भ्रष्टाचार किया है कभी ना कभी उसका हिसाब उन्हें असम की जनता को  देना होगा। राहुल गांधी बोले- मैं ऐसे ही नहीं बोलता, जो बोलता हूँ वो होता है और मैं आज आपको बोल रहा हूँ कि कुछ ही समय में आपको यही मीडिया वाले आपके सीएम को जेल जाते दिखायेंगे और इससे उनको ना मोदी बचा पायेगा ना अमित शाह बचा पायेगा।

हिमंत का वार-  भूल गए आप 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के भ्रष्टाचार के आरोपों में ज़मानत पर हैं

राहुल गांधी के इस बयान पर हिमंत बिस्वा सरमा ने पलटवार किया है, उन्होंने राहुल गांधी के बयान को अपने X एकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा – मैंने सुना है कि आप नेशनल हेराल्ड घोटाले में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के भारी भ्रष्टाचार के आरोपों में ज़मानत पर बाहर हैं। आपको भारत के सबसे भ्रष्ट कांग्रेस अध्यक्षों में एक के रूप में याद किया जाएगा। साफ कहूँ तो मुझे आपकी बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि मैं जानता हूँ, और देश जानता है, कि आप आज भारत के सबसे भ्रष्ट नेताओं में से एक हैं।

मैं राहुल गांधी का आभारी हूँ, यह वाकई बहुत संतोष का दिन है

असम के मुख्यमंत्री ने कहा राहुल गांधी आज असम में सिर्फ़ मेरी आलोचना करने आए थे। उन्होंने अपनी सभी सभाओं में बार-बार मेरा नाम लिया। मैं आभारी हूं क्योंकि आज उन्होंने मेरा राजनीतिक कद उस स्तर तक बढ़ा दिया है, जहां मैं कांग्रेस पार्टी में रहते हुए कभी नहीं पहुंच पाता। यह वाकई बहुत संतोष का दिन है। आखिरकार, अगर राहुल गांधी ने मेरी आलोचना करने का फैसला किया है, तो यह इस बात का साफ़ संकेत है कि मैं असम के लोगों के लिए ज़रूर कुछ सही कर रहा हूँ।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews