आज रविवार, 5 अप्रैल को कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दरअसल उन्होंने दावा किया है कि उनके पास संयुक्त अरब अमीरात, एंटीगुआ और मिस्र समेत तीन देशों के वैध पासपोर्ट हैं। इस खुलासे के बाद असम की सियासत में हलचल बढ़ गई है, जहां 2026 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पवन खेड़ा ने इन आरोपों को भारत की राजनीति में किसी मौजूदा मुख्यमंत्री के परिवार के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा खुलासा बताया है।
दरअसल नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पवन खेड़ा ने चौंकाने वाली जानकारी देते हुए कहा है कि हिमंत विश्व सरमा की पत्नी के पास एक-दो नहीं बल्कि तीन-तीन देशों के पासपोर्ट हैं, जो अभी तक एक्सपायर नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया है कि मुख्यमंत्री की पत्नी के पास संयुक्त अरब अमीरात का गोल्डन कार्ड है, जिसे 14 मार्च 2022 को जारी किया गया था और यह 13 मार्च 2027 को एक्सपायर होगा। इसके अलावा उनके पास एंटीगुआ और मिस्र के भी पासपोर्ट होने का दावा किया गया है। पवन खेड़ा ने यह भी कहा है कि हो सकता है उनके पास और भी पासपोर्ट हों, लेकिन उनके पास फिलहाल इन्हीं तीन देशों के दस्तावेज मौजूद हैं।
जानिए पवन खेड़ा ने क्या कहा?
दरअसल पवन खेड़ा ने कहा कि “भारत की राजनीति में सिटिंग चीफ मिनिस्टर और उसके परिवार के खिलाफ इतना बड़ा खुलासा शायद ही पहले कभी हुआ हो, हम भी हैरान हुए। आज सिटिंग मुख्यमंत्री की पत्नी भारत की नागरिक नहीं है और वह अवैध है। अगर वह भारत की नागरिक हैं तो यह गैरकानूनी है। अगर यह पासपोर्ट सही नहीं हैं तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इसके बारे में बताना चाहिए और इस पर जांच बिठानी चाहिए।”
पवन खेड़ा ने सवाल उठाया है कि देश में ऐसा कौन सा राजनेता है जिसके पास तीन-तीन देशों के पासपोर्ट हों। उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा है, “क्या आप कोई क्रिमिनल हैं, जो आपको तीन-तीन पासपोर्ट की जरूरत पड़ रही है।” कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री की पत्नी या तो भारत की नागरिक नहीं हैं और अवैध रूप से रह रही हैं, या अगर वह भारतीय नागरिक हैं तो यह गैरकानूनी स्थिति है। खेड़ा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने असम सरकार पर निशाना साधते हुए उसे ‘लुटेरों की सरकार’ बताया है और आरोप लगाया है कि ये लोग चुनाव हारने पर देश छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
असम की जनता पूछ रही है 👇🏼
⦁ हिमंता बिस्वा सरमा की पूरी राजनीति मुसलमानों के खिलाफ नफरत पर आधारित है, लेकिन उनकी पत्नी दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट रखती हैं, कैसे?
⦁ भारत के कानून के हिसाब से आप दोहरी नागरिकता नहीं रख सकते, तो क्या रिंकी भुइयां सरमा भारत का पासपोर्ट भी रखती… pic.twitter.com/8sFH7hNF2n
— Congress (@INCIndia) April 5, 2026
पवन खेड़ा के आरोपों पर मुख्यमंत्री हिमंत सरमा का पलटवार
वहीं पवन खेड़ा के गंभीर आरोपों पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने तुरंत पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। सरमा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरी हताशा और घबराहट साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है कि असम ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है और ऐसे में इस तरह के हताश और निराधार हमले केवल कांग्रेस की कमजोर स्थिति को उजागर करते हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए हर आरोप को ‘दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ’ बताया है, जिनका उद्देश्य असम की जनता को गुमराह करना है।
पार्टी के भीतर गहरी हताशा: मुख्यमंत्री हिमंत सरमा
हिमंत विश्व सरमा ने कहा कि “कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरी हताशा और घबराहट को दर्शाती है। असम ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से बढ़ रहा है, ऐसे में इस तरह के हताश और निराधार हमले केवल उनकी कमजोर स्थिति को उजागर करते हैं। मैं उनके द्वारा लगाए गए हर आरोप को स्पष्ट रूप से खारिज करता हूं। ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं जिनका उद्देश्य असम की जनता को गुमराह करना है।”
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने यह भी ऐलान किया है कि उनकी पत्नी और वह अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि के मामले दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा है कि खेड़ा को उनके लापरवाह और मानहानिकारक बयानों के लिए पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाएगा। सरमा ने न्यायपालिका पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा है कि जब अदालत में सच्चाई सामने आएगी, तब पवन खेड़ा को अपने बयानों के परिणाम भुगतने होंगे और कानून अपना काम करेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया है कि असम की जनता इस तरह के दुष्प्रचार से गुमराह नहीं होगी और उनकी पार्टी राज्य में 100 से अधिक सीटों का निर्णायक जनादेश पाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पासपोर्ट के आरोपों के अलावा हिमंत विश्व सरमा और उनके परिवार पर जमीन हड़पने, मंदिर का चंदा हड़पने, सरकारी सब्सिडी हड़पने और चिट फंड जैसे कई घोटालों में शामिल होने का भी आरोप लगाया है। खेड़ा ने कहा है कि इन मामलों में भी उनके नाम पहले आते रहे हैं, लेकिन आज के दस्तावेज भारत के बाहर से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।






