Hindi News

बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक को ममता बनर्जी ने बंगाल से क्यों बनाया राज्यसभा उम्मीदवार? जानें कौन हैं और क्या है सियासी समीकरण

Written by:Ankita Chourdia
Published:
पश्चिम बंगाल में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए बंगाली फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री कोयल मल्लिक को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। टीएमसी ने कोयल के साथ तीन अन्य उम्मीदवारों के नामों का भी ऐलान किया है, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक को ममता बनर्जी ने बंगाल से क्यों बनाया राज्यसभा उम्मीदवार? जानें कौन हैं और क्या है सियासी समीकरण

आगामी राज्यसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए एक चौंकाने वाला नाम सामने रखा है — बंगाली सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री कोयल मल्लिक। इस फैसले ने मनोरंजन जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक नई बहस छेड़ दी है।

देश के 10 राज्यों में कुल 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है। इनमें से पांच सीटें पश्चिम बंगाल की हैं। राज्य विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर यह लगभग तय है कि तृणमूल कांग्रेस को चार सीटें मिलेंगी, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खाते में एक सीट जाएगी।

कौन हैं कोयल मल्लिक?

कोयल मल्लिक बंगाली फिल्म उद्योग का एक लोकप्रिय चेहरा हैं, जिन्हें ‘टॉली क्वीन’ के नाम से भी जाना जाता है। हालांकि, उनकी पहचान सिर्फ एक अभिनेत्री तक सीमित नहीं है। वह एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय हैं और विशेष रूप से विधवाओं और बच्चों के कल्याण के लिए काम करती हैं।

  • पारिवारिक पृष्ठभूमि: कोयल का जन्म कोलकाता के एक प्रतिष्ठित परिवार में हुआ। उनके पिता, रंजीत मल्लिक, खुद बंगाली सिनेमा के एक दिग्गज अभिनेता हैं। उनकी मां का नाम दीपा मल्लिक है।
  • शिक्षा: उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा मॉर्डन हाई स्कूल फॉर गर्ल्स से पूरी की और बाद में गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज से मनोविज्ञान (ऑनर्स) में ग्रेजुएशन किया।
  • निजी जीवन: साल 2013 में उन्होंने फिल्म निर्माता निस्पल सिंह से शादी की। उनके दो बच्चे हैं — एक बेटा कबीर सिंह, जिसका जन्म 2020 में हुआ, और एक बेटी, जिसका जन्म 2024 में हुआ।

टीएमसी ने इन नामों पर भी लगाई मुहर

कोयल मल्लिक के अलावा, तृणमूल कांग्रेस ने तीन अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों को भी राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की।

“आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार (पश्चिम बंगाल के पूर्व डीजीपी), मेनका गुरुस्वामी और कोयल मल्लिक की उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। हम उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। आशा है कि वे तृणमूल की अटूट दृढ़ता और प्रत्येक भारतीय के अधिकारों और गरिमा की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की विरासत को कायम रखेंगे।” — तृणमूल कांग्रेस

इस घोषणा के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि टीएमसी विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और लोकप्रिय चेहरों को संसद के उच्च सदन में भेजकर अपनी राष्ट्रीय उपस्थिति को और मजबूत करना चाहती है। कोयल मल्लिक का नामांकन मनोरंजन उद्योग के साथ पार्टी के गहरे संबंधों को भी दर्शाता है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews