BJP ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर संसद नहीं चलने देने के आरोप लगाये, अनुराग ठाकुर ने की विपक्षी सांसदों के भत्ते काटे जाने की मांग

लोकसभा में आज भी भारी हंगामा देखने को मिला, शोर शराबे के बीच सदन स्थगित किया गया वापस शुरू होने पर इसे कल 7 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
Opposition MP protest Parliament complex Anurag Thakur hits back

Opposition MP protest Parliament complex Anurag Thakur hits back

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत आज गुरुवार को भी हंगामे के साथ हुई , तय एजेंडे के तहत समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर सदन के बाहर और सदन के अन्दर राम मंदिर दान चोरी और लाठीचार्ज पर अमित शाह के बयान की मांग पर हंगामा किया, लोकसभा में भारी शोर शराबे के चलते स्पीकर ने कार्यवाही को स्थगित कर दिया, विपक्ष सरकार पर हमलावर है और सवालों के उत्तर मांग रहा है तो वहीं सत्ता पक्ष संसद की कार्यवाही नहीं चलने देने के लिए विपक्ष को जिम्मेदार बता रहा है।

संसद परिसर में आज फिर विपक्ष ने प्रदर्शन का क्रम जारी रखा, मकर द्वार पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सांसद अन्य विपक्षी दलों के सांसदों के साथ इकट्ठा हुए, कांग्रेस के सांसदों के हाथ में बड़ा सा बैनर था जिस पर लिखा था “अमित शाह जवाब दो”  वहीं समाजवादी पार्टी के सांसदों के हाथ में राम मंदिर दान चढ़ावा चोरी से संबंधित पोस्टर थे, जमीन पर रोज की तरह एक दान पात्र रखा था जिसमें चंदा इकट्ठा किया जा रहा था, सभी सांसद भाजपा और मोदी सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे।

बता दें संसद के मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण बिलों पर चर्चा होनी है , एंटी पेपर लीक बिल सहित कुछ बिल चर्चा और हंगामे के बीच पास हो गए तो कुछ बिल विपक्ष के सहयोग और चर्चा के बिना बहुमत के आधार पर पास कर दिए, जबकि अभी कई बिल पेश होना शेष है ऐसे में विपक्ष के हंगामे के चलते संसद नहीं चल पा रही, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू संसद के संचालन में सहयोग के लिए बुधवार को राहुल गांधी से मिले भी थे, उन्होंने अनुरोध किया कि लोकसभा में चर्चा जरूरी है इसलिए विपक्ष का सहयोग जरूरी है लेकिन उन्हें राहुल गांधी की तरफ से कोई सहयोग का वादा नहीं मिला और आज कांग्रेस उसके एजेंडे पर कायम दिखाई दी।

अनुराग ठाकुर का राहुल गांधी पर बड़ा हमला       

विपक्ष के इस रवैये पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने न्यूज़ एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा यह संसद सत्र का तीसरा हफ़्ता है, लेकिन राहुल गांधी सदन में तीन बार भी नहीं दिखे हैं। वे लोकसभा नहीं आते। पेपर लीक विरोधी बिल पर 12 घंटे चली चर्चा के दौरान कांग्रेस पार्टी ने बिल पर 12 शब्द भी नहीं बोले जबकि ये बिल युवाओं के भविष्य से जुड़ा था कांग्रेस के पास कोई ऐसा नेता नहीं था जो युवाओं के बिल पर बोल सके? ये कांग्रेस का खोखलापन है इससे उसकी नकारात्मक राजनीति का पता चलता है।

भाजपा का आरोप विपक्ष सदन नहीं चलने देना चाहता 

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला करते हुए वे सदन को चलने नहीं देते, सदन के बीच में आकर नारे लगाते हैं और वॉकआउट करते हैं। अगर उन्हें सिर्फ़ नारे ही लगाने हैं, तो उन्हें संसद के बाहर ऐसा करना चाहिए। इस समय देश में कहीं बाढ़ आई हुई है, कहीं फसल सूखने का संकट है कहीं कुछ और मुद्दे हैं जिसे दूसरे सांसद उठाना चाहते हैं लेकिन विपक्ष के सांसद सदन में उन्हें मुद्दे नहीं उठाने देते इसकी मुख्य वजह यह है कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और कुछ अन्य विपक्षी पार्टियां नहीं चाहतीं कि सदन चले।

अनुराग ठाकुर की मांग विपक्षी सांसदों के भत्ते काटे जाएँ 

अनुराग ठाकुर ने कहा जनता ने उन्हें चुनकर इसलिए भेजा है कि वे सदन में उनकी आवाज बने उनके मुद्दे उठायें, यहाँ कई सांसद स्वास्थ्य, शिक्षा और जनता से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाना चाहते हैं लेकिन विपक्ष उन्हें ऐसा करने से रोक रहा है,  भाजपा सांसद ने कहा क्या विपक्ष संसद का उपयोग लोकहित के लिए नहीं करना चाहता? क्या विपक्षी सांसद उन्हें मिलने वाला रोज का डीए अपनी जेब में डालने यहाँ आते हैं? इसलिए इन विपक्षी सांसदों में भत्ते काटे जाने चाहिए क्योंकि ये खुद काम नहीं करते और दूसरों को भी नहीं करने देते।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews