‘अगर तर्कों में दम है तो अदालत का रुख करें’, राहुल गांधी के वोट चोरी वाले आरोप पर बीजेपी का पलटवार

निर्वाचन आयोग ने गांधी के आरोपों को गलत और आधारहीन करार देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दिए बिना वोटर लिस्ट से नाम नहीं हटाया जा सकता।
‘अगर तर्कों में दम है तो अदालत का रुख करें’, राहुल गांधी के वोट चोरी वाले आरोप पर बीजेपी का पलटवार

भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संवैधानिक संस्थानों पर बार-बार लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह उनके और कांग्रेस के भारतीय लोकतंत्र में विश्वास की कमी को दर्शाता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल के वोट चोरी के हालिया दावे को आधारहीन बताते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग ने इसे स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। ठाकुर ने गांधी को चुनौती दी कि अगर उनके तर्कों में दम है तो वे अदालत का रुख करें।

राहुल गांधी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरों को संरक्षण देने और लोकतंत्र को नष्ट करने वालों का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कर्नाटक की एक विधानसभा सीट के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि कांग्रेस समर्थकों के वोट व्यवस्थित रूप से हटाए जा रहे हैं। गांधी ने मांग की कि निर्वाचन आयोग को एक सप्ताह के भीतर कर्नाटक सीआईडी द्वारा मांगी गई जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए।

आरोपों को गलत और आधारहीन बताया 

निर्वाचन आयोग ने गांधी के आरोपों को गलत और आधारहीन करार देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दिए बिना वोटर लिस्ट से नाम नहीं हटाया जा सकता। आयोग ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से वोट चोरी का दावा गलत धारणा पर आधारित है और कोई भी आम नागरिक ऑनलाइन वोट हटा नहीं सकता।

अनुराग ठाकुर ने किया सवाल 

अनुराग ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि जिस विधानसभा सीट का जिक्र गांधी ने किया, वहां से कांग्रेस ही जीती थी और पूछा कि क्या यह वोट चोरी का नतीजा था। उन्होंने गांधी पर घुसपैठियों को प्राथमिकता देने की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस का यह कथित एजेंडा अनुसूचित जाति, जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग के हितों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाएगा।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews