पंजाब में अरविंद केजरीवाल का नया 7-सितारा शीशमहल, बीजेपी ने लगाया आरोप; AAP का पलटवार

आप की बागी सांसद स्वाति मालीवाल ने भी केजरीवाल पर हमला बोला और कहा कि पंजाब में उन्हें दिल्ली से भी अधिक आलीशान बंगला मिला है।
पंजाब में अरविंद केजरीवाल का नया 7-सितारा शीशमहल, बीजेपी ने लगाया आरोप; AAP का पलटवार

Arvind Kejriwal

भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर एक बार फिर ‘शीशमहल’ विवाद को पुनर्जीवित करते हुए आरोप लगाया है कि पंजाब सरकार ने उन्हें चंडीगढ़ में 7-सितारा लग्जरी बंगला आवंटित किया है। बीजेपी ने दावा किया कि सेक्टर-2 में फैले दो एकड़ के इस आवास को मुख्यमंत्री कोटे से मंजूर किया गया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर संपत्ति की हवाई तस्वीर साझा करते हुए कहा कि दिल्ली का ‘शीशमहल’ खाली करने के बाद केजरीवाल ने पंजाब में इससे भी भव्य आवास बनवाया है।

आप ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे झूठा बताया और बीजेपी से आवंटन पत्र दिखाने की चुनौती दी। पार्टी का कहना है कि यह राजनीतिक लाभ के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने की बीजेपी की पुरानी रणनीति है। दिल्ली में 6, फ्लैग स्टाफ रोड वाले आवास पर 45 करोड़ रुपये खर्च का मामला भी इसी तरह का था, जिसे आप ने सामान्य सरकारी नवीनीकरण बताया था।

स्वाति मालीवाल ने भी बोला हमला

आप की बागी सांसद स्वाति मालीवाल ने भी केजरीवाल पर हमला बोला और कहा कि पंजाब में उन्हें दिल्ली से भी अधिक आलीशान बंगला मिला है। उन्होंने दावा किया कि कल केजरीवाल इसी घर से सरकारी हेलीकॉप्टर से अंबाला गए और वहां से पंजाब सरकार के निजी जेट से गुजरात रवाना हुए। उनका कहना है कि पूरी पंजाब सरकार एक व्यक्ति की सेवा में लगी हुई है।

आरोप पर कोई टिप्पणी नहीं

केजरीवाल और भगवंत मान सरकार ने अभी तक इस आरोप पर कोई टिप्पणी नहीं की है। दिल्ली में आप की हार के बाद केजरीवाल ज्यादातर पंजाब में ही रह रहे हैं। दिल्ली सरकार ने पुराने ‘शीशमहल’ मामले में जांच की बात कही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवीनीकरण में कितना सरकारी धन खर्च हुआ।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews