बीजेपी ने रचा इतिहास, पहली बार जीता तिरुवनंतपुरम नगर निगम का चुनाव, वीवी राजेश बने मेयर

तिरुवनंतपुरम में सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली बीजेपी ने आखिरकार मेयर का चुनाव जीत लिया। भाजपा के राज्य सचिव और कोडुंगनूर वार्ड से पार्षद वीवी राजेश तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर चुने गए हैं।
Thiruvananthapuram Mayor VV Rajesh

केरल के तिरुवनंतपुरम में सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली बीजेपी ने आखिरकार मेयर का चुनाव जीत लिया। भाजपा के राज्य सचिव और कोडुंगनूर वार्ड से पार्षद वीवी राजेश तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर की शपथ ली। केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने X पर शपथ समारोह का वीडियो साझा किया। वीवी राजेश ने शुक्रवार को 51 वोट हासिल करके जीत दर्ज की। भाजपा के 50 पार्षदों के अलावा एक निर्दलीय पार्षद का भी समर्थन मिला।

A new political chapter begins for our capital city.#VikasitaThiruvananthapuram #PoliticsOfPerformance pic.twitter.com/U1ANEqPoEJ

— Rajeev Chandrasekhar 🇮🇳 (@RajeevRC_X) December 26, 2025

वहीं LDF के पी शिवाजी को 29 वोट मिले, जबकि कांग्रेस गठबंधन (UDF) उम्मीदवार केएस सबरिनाथन को 19 वोट मिले। जिनमें से दो को बाद में अमान्य घोषित कर दिया गया। गौरतलब है कि इतिहास में पहली बार तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा का मेयर बना है।

लेफ्ट पार्टियों के शासन का हुआ अंत

बता दें कि अगले साल 2026 में केरल में विधानसभा चुनाव होना है। बीजेपी को मिली ये जीत राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वीवी राजेश के तौर पर तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा ने पहली बार परचम लहराया है। यहां 45 सालों से लेफ्ट पार्टियों के शासन का अंत हुआ है।

कौन हैं वी.वी. राजेश?

वी.वी. राजेश करीब एक दशक से भी ज्यादा समय से वह केरल की सक्रिय राजनीति में हैं और बीजेपी के एक प्रमुख चेहरे के रूप में उभरे हैं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जरिए राजनीति में प्रवेश किया और बीजेपी तिरुवनंतपुरम के जिला अध्यक्ष बने। वह एक वकील और 2021 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने तिरुवनंतपुरम की वट्टियूरकावु विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था और वह दूसरे नंबर पर रहे थे।

बता दें कि पूर्व डीजीपी श्रीलेखा और वी.वी. राजेश के बीच मेयर पद के लिए मुकाबला माना जा रहा था लेकिन बीजेपी के कुछ पार्षदों ने श्रीलेखा का विरोध किया था। इसके बाद वी.वी. राजेश के नाम पर मुहर लगी।

मेयर बनने के बाद क्या बोले वी.वी. राजेश?

मेयर बनने के बाद वी.वी. राजेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल है और मुझे लगता है कि यह पल केरल की राजनीतिक स्थिति को बदल देगा। हम सब मिलकर आगे बढ़ेंगे। सबको साथ लेकर चलेंगे। सभी 101 वार्डों में विकास कार्य लागू किया जाएगा। तिरुवनंतपुरम एक विकसित शहर में परिवर्तित होगा।

तिरुवनंतपुरम में बीजेपी को मिली 50 सीटों पर जीत

बता दें कि हाल ही में हुए तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव में बीजेपी को 101 में से 50 सीटों पर जीत मिली है। इन चुनावों में LDF को 29 सीटें और कांग्रेस के नेतृत्व में UDF को 19 सीटें मिली हैं। दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजेता रहे। बता दें कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम में कुल 101 सीटें हैं लेकिन वर्तमान में हुए निकाय चुनाव में वोटिंग सिर्फ 100 सीटों पर ही हुई थी। विझिगम वार्ड के लिए पार्षद का चुनाव अभी नहीं हो सका है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews