बीजेपी सांसद ने बिंदी नहीं लगाने पर महिला को बुरी तरह डांटा, घटना पर बवाल

बीजेपी सांसद ने बिंदी नहीं लगाने पर महिला को बुरी तरह डांटा, घटना पर बवाल

BJP MP scolds woman for not wearing bindi : एक महिला के लिए पितृसत्ता कितने नियम बनाती है और उसे लागू कराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ती। हम भले ही कितने भी आधुनिक हो जाएं लेकिन आज भी समाज में कई स्थानों पर लड़कियों-महिलाओं को परंपराओं मान्यताओं के नाम पर जाने कितनी रूढ़ियों का पालन करना होता है। ऐसा न करने पर उन्हें हिदायतें नसीहतें दी जाती है। ऐसा ही एक वाकया कर्नाटक के कोलार जिले से सामने आ रहा है जहां भाजपा सांसद एक महिला को बिंदी न लगाने पर डपट रहे हैं।

ये है मामला

बीजेपी सांसद एस. मुनिस्वामी का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। खास बात ये कि ये वाकया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन हुआ। इस दिन आयोजित आयोजित एक प्रदर्शनी और बिक्री मेले में वो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इसका उद्घाटन करने के बाद सांसद वहां स्टॉल पर घूम रहे थे..एक स्टॉल पर वो रुके जहां बिक्री के लिए कपड़े रखे गए थे और वहां खड़ी एक महिला को उन्होने बिंदी नहीं लगाने पर डांट दिया। वो महिला विक्रेता पर चिल्लाने लगे और कहा कि ‘पहले बिंदी लगा लीजिए..आपके पति जिंदा हैं, है ना ? आपके पास कॉमन सेंस नहीं है।’ महिला वेंडर जब सांसद को अपने स्टॉल के बारे में बता रही थी उसी दौरान उन्होने उसे बुरी तरह डांटकर इस तरह की बात कही जिसपर अब विवाद खड़ा हो गया है।

कांग्रेस ने किया हमला

विपक्षी दल इस घटना पर हमलावर है। कांग्रेस ने मुनिस्वामी के बयान की निंदा करते हुए कहा है कि ये बीजेपी की संस्कृति को दर्शाती है। कांग्रेस सांसद कार्ति पी चिदंबरम ने कहा कि “भाजपा भारत को ‘हिंदुत्व ईरान’ में बदल देगी। भाजपा के अयातुल्लाओं के पास सड़कों पर गश्त करने वाली “नैतिक पुलिस” का अपना संस्करण होगा।” वहीं एस. मुनिस्वामी की इस हरकत पर लोगों की भी कड़ी प्रतिक्रिया आ रही है। कोई इसे ‘तालिबानी मानसिकता’ बता रहा है तो किसी ने कहा है कि ‘संघ के आगन में संस्कार की क्लास, जहाँ महिलाओं का नहीं है सम्मान।’ वहीं एक ने सवाल किया है कि बीजेपी महिला मोर्चा इस मुद्दे पर चुप क्यों है। इस तरह अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बीजेपी सांसद द्वारा इस कृत्य को लोग महिला विरोधी करार दे रहे हैं और उनका जमकर विरोध कर रहे हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews